Last Updated:
Bangladeshi In Ajmer News: अजमेर पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी युवक मोहम्मद रफिकुल इस्लाम को दस्तयाब किया है. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अब तक 60 बांग्लादेशी पकड़े जा चुके हैं. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में यह अभियान चल रहा है. कार्रवाई सीआईडी जोन अजमेर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने की है.
अजमेर में अवैध रूप से रह रहा बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार.
अजमेर. अजमेर में अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए एक 27 वर्षीय बांग्लादेशी युवक को दस्तयाब किया है. यह अजमेर जिले में अभियान के तहत पुलिस की 26वीं कार्रवाई बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार युवक दरगाह बाजार में संदिग्ध हालत में घूमता हुआ मिला था. पुलिस टीम ने उसे दस्तयाब कर पूछताछ की. पूछताछ में युवक ने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया.
युवक की पहचान मोहम्मद रफिकुल इस्लाम उर्फ सुमन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह बांग्लादेश के नेत्रोकोना जिले का रहने वाला है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि युवक अवैध तरीके से बॉर्डर पार कर भारत में आया था. पुलिस को जानकारी मिली है कि उसने बांग्लादेश के बनापोल बॉर्डर से भारत में प्रवेश किया. भारत आने के बाद वह कुछ समय कोलकाता में रुका. इसके बाद ट्रेन से अजमेर पहुंचा. अजमेर में वह खानाबदोश के रूप में जीवनयापन कर रहा था.
दरगाह थाना पुलिस कर रही पूछताछ
दस्तयाब किए गए युवक को दरगाह थाने लाया गया है. यहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अजमेर कब आया और यहां किन लोगों के संपर्क में रहा. अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने और रहने को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है. फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है.
60 बांग्लादेशी नागरिक दस्तयाब
पुलिस के अनुसार अजमेर जिले में अब तक अवैध रूप से रह रहे 60 बांग्लादेशी नागरिकों को दस्तयाब किया जा चुका है. जिला पुलिस की ओर से ऐसे लोगों की पहचान और जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में यह अभियान चल रहा है. कार्रवाई सीआईडी जोन अजमेर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने की है. पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है.