Air India और एयर इंड‍िया एक्‍सप्रेस, अकासा में हवाई सफर महंगा, बढ़ा फ्यूल सरचार्ज

Air India और एयर इंड‍िया एक्‍सप्रेस, अकासा में हवाई सफर महंगा, बढ़ा फ्यूल सरचार्ज


हवाई सफर करने वालों के लिए टिकट महंगा होने वाला है. एयर इंड‍िया, एयर इंड‍िया एक्‍सप्रेस, और अकासा एयरलाइंस ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है. नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से की गई नई बुकिंग पर लागू होंगी. इससे घरेलू उड़ानों में दूरी के हिसाब से अब यात्रियों को 400 रुपये से लेकर 1200 रुपये तक ज्‍यादा देना पड़ेगा. यानी जिस रूट की दूरी ज्यादा होगी, उस पर सरचार्ज भी ज्यादा होगा. हालांकि, जिन यात्रियों ने पहले ही टिकट बुक कर लिया है, उन पर नई दर का असर नहीं पड़ेगा.

एयरलाइंस के मुताबिक, ज‍िस तरह दुन‍िया में तनाव बढ़ रहा है, उसकी वजह से लगातार एटीएफ की कीमतें चढ़ती जा रही हैं. ईंधन एयरलाइन कंपन‍ियों के खर्च का सबसे बड़ा ह‍िस्‍सा होता है. ईंधन की कीमतें बढ़ने से प्रेशर बढ़ता जा रहा है, यही वजह है क‍ि फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की नौबत आई. एयर इंडिया ग्रुप ने कहा है कि सरचार्ज में यह बढ़ोतरी बढ़ी हुई लागत के असर को आंशिक रूप से संभालने के लिए की गई है.

पहले कितना था Air India का फ्यूल सरचार्ज, अब क‍ितना?

एयर इंड‍िया ने अप्रैल 2026 में घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर फ्यूल सरचार्ज लागू किया था. तब 0 से 500 किलोमीटर की उड़ान पर 299, 501 से 1000 किलोमीटर पर 399, 1001 से 1500 किलोमीटर पर 549, 1501 से 2000 किलोमीटर पर 749 और 2000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पर 899 सरचार्ज था.

अब इन सभी स्लैब में बढ़ोतरी की गई है. 0-500 किलोमीटर के लिए सरचार्ज 400 हो गया है. 501-1000 किलोमीटर के लिए 600, 1001-1500 किलोमीटर के लिए 850 और 1501-2000 किलोमीटर के साथ 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की उड़ानों के लिए 1200 सरचार्ज देना होगा. यानी सबसे छोटे रूट पर भी सरचार्ज 101 बढ़ गया है, जबकि 1501-2000 किलोमीटर वाले रूट पर यह 451 तक बढ़ा है.

इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर क्या बदलाव हुआ?

एयर इंड‍िया एक्‍सप्रेस और एयर इंड‍िया ने चुनिंदा इंटरनेशनल रूट पर भी फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है. हालांकि कुछ लंबी दूरी के रूट पर सरचार्ज घटा है, जबकि वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट के रूट पर बढ़ोतरी हुई है. नॉर्थ अमेरिका के लिए सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 215 डॉलर और ऑस्ट्रेलिया के लिए 280 डॉलर से घटाकर 210 डॉलर किया गया है. यूरोप, जिसमें यूके भी शामिल है, के लिए यह 205 डॉलर से घटकर 135 डॉलर हो गया है. वहीं वेस्ट एशिया और मिडिल ईस्ट के लिए सरचार्ज 50 डॉलर से बढ़ाकर 55 डॉलर किया गया है. यह सरचार्ज एकतरफा यात्रा के आधार पर लागू होगा और भारत से या भारत के लिए संबंधित यात्राओं पर लगेगा.

9 अक्टूबर से किस समय लागू होगी नई दर?

एयर इंड‍िया एक्‍सप्रेस में नई बुकिंग पर बढ़ा हुआ फ्यूल सरचार्ज 9 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे से लागू होगा. वहीं एयर इंड‍िया में यह 9 अक्टूबर सुबह 11 बजे से की गई नई बुकिंग पर लागू होगा. सबसे जरूरी बात यह है कि पहले से बुक किए गए टिकट पर नया सरचार्ज नहीं लगेगा. हालांकि, अगर यात्री बाद में अपनी यात्रा की तारीख या रूट बदलता है और इससे किराए की दोबारा गणना होती है, तो नई दर का असर पड़ सकता है.

अकासा एयर ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

एयर इंड‍िया ग्रुप अकेला नहीं है. अकासा एयर ने भी ATF की बढ़ती कीमतों को देखते हुए फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है. नई दरें 9 अक्टूबर 2026 की रात 12:01 बजे से की गई नई बुकिंग पर लागू होंगी. अकासा एयर ने मार्च 2026 में पहली बार फ्यूल सरचार्ज लगाया था. तब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर यह फ्लाइट की अवधि के आधार पर 199 से 1300 प्रति सेक्टर तक था.

अब घरेलू उड़ानों में 0-500 किलोमीटर के लिए 375, 501-1000 किलोमीटर के लिए 600, 1001-1500 किलोमीटर के लिए 900 और 1501 किलोमीटर या उससे ज्यादा दूरी के लिए 1150 सरचार्ज होगा. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भारत से कुवैत, कतर, सऊदी अरब, यूएई, थाईलैंड और वियतनाम जाने वाली उड़ानों पर नया फ्यूल सरचार्ज 2500 प्रति यात्री होगा.



Source link