शिमला. हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर थमा है. हालांकि, सात अक्तूबर को शिमला में ओलावृष्टि हुई, जबकि राज्य के कई हिस्सों में हल्की से लेकर तेज बारिश दर्ज की गई. ऐसे में मौसम विभाग ने आठ अक्तूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. हालांकि, नौ अक्तूबर को कोई अलर्ट नहीं है.
मौसम विभाग ने कहा कि 08, 09, 13 और 14 अक्तूबर को प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री का उछाल आ सकता है. गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और मनाली में धूप खिलने के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू दिल्ली लौट गई हैं.
बुधवार को 24 घंटों के दौरान पालमपुर में 82.7 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई. इसके बाद सराहन में 28.7 मिमी, कोठी में 19 मिमी, भटियात में 18.3 मिमी, जोत में 17.8 मिमी, गुलेर में 16.7 मिमी, शिमला में 12 मिमी और मनाली में 11 मिमी बारिश हुई.
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को सुंदरनगर, भुंतर, शिमला, जुब्बड़हट्टी, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की घटनाएं देखी गईं, जबकि पालमपुर, शिमला और जोत में ओलावृष्टि हुई.
रात के समय कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, दिन के समय ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि ढली के पास भूस्खलन होने के दौरान शोगी-ढली बाईपास से गुजर रहे दो वाहनों में सवार लोग बाल-बाल बच गए. उन्होंने बताया कि भूस्खलन के समय दो वाहन उस रास्ते से गुजर रहे थे. भूस्खलन का एक वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिसमें घटनास्थल पर सड़क किनारे कई वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, पुलिस ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या वाहनों को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है. पुलिस ने बताया कि सड़क को कुछ समय के लिए बंद किया गया, लेकिन बाद में इसे फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया.