Last Updated:
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में दबंग युवकों ने सेना के जवान पर हमला कर दिया. इस दौरान जवान की नाक काट गई. दबंगों का जब इससे भी मन नहीं भरा तो उसकी जांघ पर लोहे के हथौड़े से वार कर दिया. पीड़ित जवान सियाचिन में तैनात है.
ग्रेटर नोएडा में सेना के जवान की नाक काटी.
ग्रेटर नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में फौजी की नाक काटने का मामला सामने आया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक जेवर में महज बाइक टकराने पर कुछ युवकों ने सेना के जवान पर हमला कर दिया. दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने जवान को बुरी तरह से पीट दिया.
सेना के जवान पर नुकीली लोहे की चीज से किया हमला
इस दौरान युवकों ने नुकीली लोहे की वस्तु से जवान की नाक पर वार कर दिया. हमले में जवान की नाक का अगला हिस्सा कट गया. इसके चलते वह बुरी तरह से जख्मी हो गया. साथ ही पीड़ित जवान के जांघ पर हथौड़े से भी हमला करने का आरोप है. घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि घायल जवान लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में ड्यूटी करता है. घायल जवान की पहचान रॉकी तालान के रूप में हुई है, जो 5 जाट बटालियन में तैनात है. सेना का जवान रॉकी छुट्टी पर घर आया था.
बाइक टकराने पर शुरू हुआ था विवाद
जेवर के R&R टाउनशिप के पास बाइक टकराने के बाद विवाद हुआ था. पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर विवाद मारपीट में तब्दील हो गया और तुरंत तीनों युवकों ने जवान को पीटना शुरू कर दिया. पीड़ित जवान के परिजनों ने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत लेकर घायल का मेडिकल कराया. पुलिस ने पीड़ित के शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी के मुताबिक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह पूरा मामला थाना जेवर क्षेत्र का है.