Last Updated:
Uttarakhand News : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उधम सिंह नगर जिले में स्थानीय निकाय चुनावों की दोनों सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है.
जीत के बाद जश्न मनाते कांग्रेसी.
ऊधम सिंह नगर : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका चुनाव के नतीजों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. दोनों नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. किच्छा में कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा के संदीप अरोड़ा को 6 हजार 200 वोटों के अंतर से हराया. वहीं सिरौली कलां में कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम ने अपनी प्रतिद्वंद्वी फरहीन जहां को 1 हजार 763 वोटों से शिकस्त दी. खास बात ये रही कि सिरौली कलां में भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था.
ऊधम सिंह नगर जिले की किच्छा और सिरौली कलां पालिका चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है. किच्छा में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह की जीत को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है. राजनीतिक गलियारों में इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले स्थानीय स्तर पर राजनीतिक स्थिति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा था.
सिरौली कलां की नवनिर्वाचित अध्यक्ष राशिदा बेगम और किच्छा में कांग्रेस की जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के आवास पर पहुंचे. विधायक बेहड़ ने दोनों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया और जीत की बधाई दी.
दोनों पालिकाओं में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है. हालांकि नगर निकाय चुनाव के नतीजे स्थानीय मुद्दों और स्थानीय समीकरणों से प्रभावित होते हैं, ऐसे में इनके आधार पर 2027 विधानसभा चुनाव का सीधा निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी. फिलहाल किच्छा और सिरौली कलां के नतीजों ने क्षेत्र की सियासत में कांग्रेस की स्थिति को लेकर नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है.