शशि थरूर को उकसाने चले थे CJP के सौरभ दास, मिला माइक ड्रॉप वाला जवाब
Last Updated:
कांग्रेस सांसद शशि थरूर को पीएम मोदी के खिलाफ उकसाने की कोशिश हुई तो उनका जवाब भी चर्चा में आ गया. CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने पीएम मोदी के मंदिर दर्शन का वीडियो शेयर किया और थरूर को 2018 के उनके चर्चित ‘शिवलिंग पर बिच्छू’ वाले बयान की याद दिलाई. सौरव दास ने भारी-भरकम अंग्रेजी में थरूर से वही टिप्पणी दोहराने को कहा. थरूर ने सीधे पुराने बयान पर जाने के बजाय जवाब दिया कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं कि दास किस बात की ओर इशारा कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने दास से उन्हें इस बारे में बताने को कहा. उनका यह जवाब अब चर्चा में है.
CJP के सौरव दास ने शशि थरूर को 2018 के ‘शिवलिंग पर बिच्छू’ बयान की याद दिलाई. (फाइल फोटो PTI)
कांग्रेस सांसद शशि थरूर अपने खास अंदाज और भारी-भरकम अंग्रेजी के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. उनके पुराने बयान भी सोशल मीडिया पर बार-बार लौटते रहते हैं. अब एक बार फिर ऐसा ही हुआ. कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर दर्शन का एक वीडियो शेयर किया. इसके साथ उन्होंने शशि थरूर को टैग कर एक पुराने बयान की याद दिलाई. दास ने सीधे कुछ कहने के बजाय बेहद घुमावदार और भारी-भरकम भाषा में थरूर से वही चर्चित टिप्पणी दोहराने को कहा. मकसद साफ नजर आ रहा था. वह थरूर को पीएम मोदी पर टिप्पणी करने के लिए उकसाना चाहते थे. लेकिन कांग्रेस सांसद ने इस बार दांव ही पलट दिया.
सौरव दास ने X पर पीएम मोदी के श्री विनायक मंदिर में पूजा करने का वीडियो शेयर किया था. पीएम मोदी ने 25 साल तक लगातार गुजरात और केंद्र में सरकार के शीर्ष पद पर रहने के मौके पर मंदिर में दर्शन किए थे. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट इसी वीडियो को लेकर दास ने थरूर से उनका पुराना ‘स्कॉर्पियन’ वाला बयान दोहराने को कहा. थरूर ने भी जवाब देने में ज्यादा वक्त नहीं लगाया. लेकिन उन्होंने वह बात कहने से साफ बचाव किया जिसकी उम्मीद दास कर रहे थे. थरूर ने लिखा कि अगर उन्हें जरा भी पता होता कि दास किस बात की ओर इशारा कर रहे हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होती. इसके बाद उन्होंने कहा कि दास उन्हें इस बारे में बताएं. थरूर का यह जवाब सोशल मीडिया पर अलग अंदाज में देखा जा रहा है.
सौरव दास की कोशिश के बावजूद शशि थरूर ने अपना पुराना बयान दोहराने से दूरी बनाए रखी.
सौरव दास ने किस अंदाज में किया हमला?
सौरव दास ने पीएम मोदी के मंदिर दर्शन वाले वीडियो को शेयर करते हुए शशि थरूर को टैग किया. उनका अंदाज जानबूझकर बेहद कठिन रखा गया था. उन्होंने लिखा कि यह तस्वीर उन्हें डॉ. थरूर की एक जबरदस्त टिप्पणी की याद दिला रही है. इसके बाद उन्होंने थरूर की वाक्पटुता का हवाला देते हुए उस टिप्पणी को फिर से दोहराने का अनुरोध किया. दास ने सीधे ‘बिच्छू’ या ‘शिवलिंग’ जैसे शब्द नहीं लिखे. उन्होंने इशारे में बात रखी. लेकिन संदर्भ इतना साफ था कि थरूर के पुराने बयान तक पहुंचने में ज्यादा देर नहीं लगती.
थरूर ने एक लाइन में बिगाड़ दिया पूरा खेल
थरूर का जवाब इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प हिस्सा रहा. उन्होंने लिखा, ‘अगर मुझे जरा सा भी अंदाजा होता कि आप किस ओर इशारा कर रहे हैं तो मुझे बिल्कुल ऐतराज नहीं होता! कृपया मेरा मार्गदर्शन करें.’ थरूर ने न तो पीएम मोदी का नाम लेकर कोई टिप्पणी की और न ही अपना पुराना बयान दोहराया. इस तरह उन्होंने उस राजनीतिक बहस में जाने से खुद को रोक लिया जिसकी तरफ दास उन्हें धकेल रहे थे. जवाब छोटा था लेकिन सोशल मीडिया पर इसे माइक ड्रॉप अंदाज का जवाब माना जा रहा है.
क्या था थरूर का 2018 वाला ‘बिच्छू’ बयान?
पूरा मामला 2018 के एक बयान से जुड़ा है. बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान शशि थरूर ने एक कथित RSS सूत्र का हवाला दिया था. उन्होंने कहा था कि उस व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना शिवलिंग पर बैठे बिच्छू से की थी. थरूर के मुताबिक उस कथित बयान में कहा गया था कि नरेंद्र मोदी को हाथ से हटाया नहीं जा सकता क्योंकि ऐसा करने पर डंक लग सकता है. वहीं चप्पल से मारना भी संभव नहीं क्योंकि इससे धार्मिक भावनाओं को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं. यही बयान बाद में काफी विवादों में रहा.
कल PM मोदी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नई दिल्ली के श्री विनायक मंदिर पहुंचे थे. उन्होंने वहां पूजा-अर्चना की. यह कार्यक्रम उनके गुजरात और केंद्र में सरकार के शीर्ष पद पर 25 साल पूरे होने के मौके से भी जुड़ा था. इसी दौरान सौरव दास ने मंदिर में पूजा करते पीएम मोदी का वीडियो पोस्ट किया. इसके साथ थरूर के पुराने बयान का संदर्भ जोड़ दिया. यानी मौजूदा तस्वीर को पुराने राजनीतिक बयान से जोड़कर कांग्रेस सांसद से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई.
दिल्ली में SIR को लेकर भी गरम है सियासत
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब दिल्ली में SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव चल रहा है. बुधवार को विपक्षी नेताओं ने जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की थी. पुलिस ने रास्ते में कई नेताओं को रोक लिया. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया. विपक्ष चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना अभियान तेज करने की बात कह रहा है. इसी राजनीतिक माहौल के बीच CJP ने भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर युवा प्रदर्शन का ऐलान किया है.
फिलहाल थरूर ने नहीं दिया कोई नया ‘बिच्छू’ बयान
सौरव दास की कोशिश के बावजूद शशि थरूर ने अपना पुराना बयान दोहराने से दूरी बनाए रखी. उन्होंने बात को सीधे राजनीतिक बहस में बदलने के बजाय सवाल के जवाब में सवाल कर दिया. अब इस बातचीत का अगला हिस्सा क्या होगा यह देखना दिलचस्प रहेगा. फिलहाल इतना जरूर है कि जिस पुराने बयान को लेकर दास थरूर से प्रतिक्रिया निकलवाना चाहते थे उस पर कांग्रेस सांसद ने कोई नया बयान नहीं दिया.