Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में मानसून की विदाई से पहले मौसम बदल गया है. मौसम विभाग ने आज पटना सहित 26 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. 9 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा. 10 अक्टूबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में मानसून की विदाई से ठीक पहले मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार को प्रदेश के 26 जिलों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन सभी जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं, 40 km/h की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
इन जिलों येलो अलर्ट जारी मौसम
- विभाग ने आज राज्य के 26 जिलों के लिए बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की बड़ी आशंका जताई गई है. जिन जिलों में अलर्ट जारी हुआ है, उनमें पटना, गया, नालंदा, बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं. इसके अलावा जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, जमुई, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में भी खराब मौसम की चेतावनी दी गई है.
बिहार वेदर अपडेट
भोजपुर में ठनका गिरने से हादसा
- बीते 24 घंटे के दौरान पटना और मुंगेर समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई है. बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली से भोजपुर में एक दुखद हादसा हो गया. वहां ठनका गिरने से एक किसान की मौत हो गई. वहीं एक महिला समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
ये है बारिश की वजह
- बिहार से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है. इसके बाद यह रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी और बारामती तक जा रही है. मानसून की विदाई प्रक्रिया के बीच कुछ नए मौसमी सिस्टम एक्टिव हो गए हैं. इसी वजह से राज्य में फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है.
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
- मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य और ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. इसके साथ ही झारखंड के आसपास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है. इन सभी सिस्टम्स के मिले-जुले असर से बिहार में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है.
पटना में आज का मौसम
- राजधानी पटना में आज दिन भर बादल छाए रहने का अनुमान है. शहर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. पटना में आज का अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
तापमान का हाल
- अगर बीते दिन बुधवार के तापमान की बात करें, तो कैमूर में सबसे अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पटना में तापमान 32.2 डिग्री, गया में 30.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 31.2 डिग्री, भागलपुर में 32 डिग्री और दरभंगा में 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
10 अक्टूबर से सामान्य होगा मौसम
- मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 9 अक्टूबर तक बारिश का यह दौर जारी रह सकता है. इसके बाद 10 अक्टूबर से राज्य में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा. 10 अक्टूबर से मौसम को लेकर कोई नया अलर्ट नहीं है. हालांकि स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बादल छाए रह सकते हैं.