बटाला में दिनदहाड़े पादरी की हत्या, घर में घुसकर तेजधार हथियारों से किया हमला
Last Updated:
पंजाब के गुरदासपुर के बटाला में दिनदहाड़े हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. गांधी कैंप में घर के भीतर चर्च चलाने वाले पादरी बलविंदर पाल उर्फ लाडी की तेजधार हथियारों से हमलाकर निर्मम हत्या कर दी गई है. हमलावर घर में घुसे और इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी नरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
गुरदासपुर में पादरी की निमृम हत्या का मामला सामने आया है.
क्राइम न्यूज. पंजाब के गुरदासपुर इलाके के अंतर्गत आने वाले बटाला इलाके से दिनदहाड़े हत्या का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि गांधी कैंप में घर के अंदर ही चर्च चलाने वाले पादरी बलविंदर पाल उर्फ लाडी पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल पादरी को परिवार के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, गांधी कैंप में रहने वाले बलविंदर पाल उर्फ लाडी इलाके में एक चर्च भी चलाते थे. गुरुवार सुबह कुछ लोग उनके घर में दाखिल हुए. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया. हमले में बलविंदर पाल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. वारदात के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. इसके बाद, मौके पर पहुंचे परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
रिश्तेदार बोले- किसी से रंजिश नहीं थी
मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, बलविंदर पाल घर में अकेले रहते थे और इसी जगह चर्च चलाते थे. उनका आरोप है कि गांधी कैंप इलाके के ही कुछ लोग उनके घर में घुसे और हमला कर उनकी हत्या कर दी. वहीं, मृतक के भतीजे सन्नी का कहना है कि बलविंदर की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी. वहीं, वारदात के बीच मोहल्ले में हुए विवाद का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.
नरेश के खिलाफ मामला दर्ज
थाना सिविल लाइन के प्रभारी लखविंदर सिंह ने बताया कि बलविंदर पाल पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. वहां पता चला कि घायल पादरी की मौत हो चुकी है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस ने मृतक के परिवार के बयानों के आधार पर गांधी कैंप निवासी नरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस हत्या की वजह, हमले में शामिल अन्य लोगों और वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है.