फ्लाइट बन गई ‘लोकल ट्रेन’, बेअसर हुई हर गुहार, लोग बोले- तमीज नहीं खरीद सकते
Last Updated:
थाईलैंड के क्रैबी से नई दिल्ली आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें यात्रियों की हरकतों को देखकर लोग इसे ‘लोकल ट्रेन’ बता रहे हैं. फ्लाइट के अंदर कुछ यात्रियों ने केबिन क्रू की बातों और सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया. वे टर्बुलेंस के दौरान भी अपनी सीटों से उठकर गलियारे में खड़े हो गए, एक-दूसरे को खाना पास करने लगे और तेज आवाज में बातें करने लगे. एयर होस्टेज़ की बार-बार की गुहार के बाद भी लोग नहीं माने.
थाईलैंड के क्रैबी से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट के अंदर का वायरल वीडियो, जिसमें यात्री सीटों से उठकर गलियारे में घूमते और खाना पास करते नजर आ रहे हैं. (Image: neeraj662774)
क्या आपने कभी फ्लाइट के अंदर जनरल डिब्बे वाला नजारा देखा है? सोशल मीडिया पर आजकल एक वीडियो ऐसा ही खूब वायरल हो रहा है. यह वीडियो क्रैबी से नई दिल्ली आ रही एक इंडिगो फ्लाइट का है. इस फ्लाइट के अंदर का नजारा किसी लोकल ट्रेन जैसा हो गया है. ऐसा लग रहा था मानों पैसेंजर्स ने प्लेन को ही मानो अपनी पर्सनल पार्टी हॉल या जनरल बोगी समझ लिया था.
दरअसल, यह वीडियो नीरज प्रियंका चौधरी नाम के एक पैसेंजर ने इंस्टाग्राम पर इस घटना का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में दावा किया गया है कि फ्लाइट की शुरुआती रो 1 से 5 में बैठे कुछ यात्रियों ने न केवल सारे कायदे-कानूनों को हवा में उड़ा दिया, बल्कि वे केबिन क्रू की बात मानने को भी तैयार नहीं थे.
हालत ये हो गई थी कि लोग अपनी सीटों पर बैठने के बजाय चलती फ्लाइट के गलियारे में खड़े हो गए. सीटों के बीच घूम-घूम कर अपने रिश्तेदारों को खाना पास किया जा रहा था. आगे की लाइन में बैठे लोग अपनी सीटों पर उल्टे खड़े होकर पीछे वालों से चिल्ला-चिल्लाकर बातें कर रहे थे. क्रू ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कोई उनकी बात मानने को तैयार नहीं था.
नीरज प्रियंका चौधरी के अनुसार, क्रू बार-बार कह रही थी कि सर और मैम, प्लीज बैठ जाइए, टर्बुलेंस की वजह से सीट बेल्ट साइन ऑन है. लेकिन वे ऐसे अनदेखा कर रहे थे जैसे क्रू वहां है ही नहीं. एयर होस्टेज ने मुझसे खुद आकर कहा- सर, ये लोग सुन ही नहीं रहे हैं.
फिर सोशल मीडिया में फूटा गुस्सा
यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर लोगो का गुस्सा फूट पड़ा और मीम्स की बाढ़ आ गई. लोग एक से बढ़कर एक कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि इंडियन सिविक सेंस दुनिया भर में मशहूर है. वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा है कि पैसा आ सकता है, लेकिन तहजीब और सिविक सेंस नहीं खरीदी जा सकती. एक अन्य यूजर ने एयरलाइन से सख्त एक्शन की मांग करते हुए लिखा है कि इन्हें एयरलाइन से बैन कर देना चाहिए. अमेरिका या कनाडा में अगर आप केबिन क्रू की बात नहीं मानते, तो या तो अरेस्ट हो जाओगे या हमेशा के लिए बैन. एक कमेंट में यह भी कहा गया कि एयरलाइंस को भी सच में लोकल ट्रेन ही बना दिया- सेम टू सेम!