पहले इंजीनियरिंग, फिर UPSC में 170वीं रैंक, कौन हैं IPS रवीना त्यागी, जो बनीं बाराबंकी की नई SP?

पहले इंजीनियरिंग, फिर UPSC में 170वीं रैंक, कौन हैं IPS रवीना त्यागी, जो बनीं बाराबंकी की नई SP?


IPS Raveena Tyagi: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कई आईपीएस अधिकारियों (IPS Officers) के तबादले हुए हैं. इस लिस्ट में 2014 बैच की IPS अधिकारी रवीना त्यागी का नाम भी शामिल है. लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहीं रवीना त्यागी को अब बाराबंकी की SP यानी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस बनाया गया है. रवीना अपनी सख्त कार्यशैली के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के बीच अपनी संवेदनशील छवि के लिए भी जानी जाती हैं. यही वजह है कि जब उनका कानपुर से लखनऊ ट्रांसफर हुआ था, तब उनकी विदाई का एक वीडियो काफी चर्चा में आया था.

जब रवीना त्यागी की विदाई पर रो पड़ी थी महिला सिपाही

दरअसल, रवीना त्यागी की कानपुर से विदाई के दौरान कई महिला पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गई थीं. इस दौरान एक महिला सिपाही अफसाना बानो ने रवीना त्यागी के लिए एक भावुक गीत गाया था. गीत के बोल थे – “सूना है मन… मैडम न जाओ, यही कहती है धड़कन…”. विदाई के उस पल में माहौल काफी भावुक हो गया था. वीडियो में रवीना त्यागी भी महिला सिपाही को गले लगाकर उसे संभालती नजर आई थीं.

अब जब रवीना त्यागी को बाराबंकी की SP बनाया गया है, तो वही गीत एक बार फिर चर्चा में आ गया है. खास बात यह है कि इस बार इस गीत को शेयर करने वाली और इसे गाने वाली महिला सिपाही अफसाना बानो ही हैं. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उस समय मैडम को कानपुर से विदा करते हुए आंखें नम थीं, लेकिन आज उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर दिल से खुशी हो रही है.

नई जिम्मेदारी पर अफसाना बानो ने दी बधाई

अफसाना बानो ने रवीना त्यागी को बाराबंकी की एसपी बनने पर बधाई दी. उन्होंने लिखा कि रवीना मैम जहां भी रहें, अपनी मेहनत, संवेदनशीलता और शानदार नेतृत्व से लोगों के दिलों में जगह बनाती रहें. उन्होंने कानपुर के उस विदाई के पल को भी याद किया और कहा कि वह याद आज भी उनके दिल के बेहद करीब है.

इस पूरे मामले से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रवीना त्यागी का अपने साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों के साथ किस तरह का जुड़ाव रहा है. पुलिस की नौकरी में सख्ती जरूरी होती है, लेकिन रवीना त्यागी के मामले में उनकी सख्त कार्यशैली के साथ संवेदनशील रवैया भी देखने को मिलता है.

इंजीनियरिंग से बाद सिविल सेवा में जाने का देखा सपना

रवीना त्यागी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई महर्षि विद्या मंदिर, भोपाल से की है. वहीं, 12वीं के बाद उन्होंने नोएडा से बायोटेक्नोलॉजी में B.Tech की डिग्री हासिल की. इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद उनके सामने नौकरी करने का विकल्प था, लेकिन उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी करने का फैसला किया.

उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और साल 2014 में सफलता भी हासिल की. इसी परीक्षा में उन्हें 170वीं रैंक मिली. इसके बाद वह भारतीय पुलिस सेवा यानी IPS में शामिल हुईं और पुलिस की वर्दी पहनकर देश की सेवा का रास्ता चुना.

पहली पोस्टिंग से ही दिखा सख्त अंदाज

आईपीएस बनने के बाद रवीना त्यागी की पहली पोस्टिंग मुरादाबाद में ASP के तौर पर हुई थी. यहां उन्होंने स्कूल और कॉलेजों के आसपास मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. उनके एक्शन का असर ऐसा हुआ कि स्कूल-कॉलेज के बाहर बेवजह घूमने और लड़कियों को परेशान करने वाले युवकों का जमावड़ा कम हो गया.

इसके बाद उन्होंने कानपुर में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. वह एसपी साउथ, सीबीसीआईडी, डीसीपी साउथ, डीसीपी हेडक्वॉर्टर और डीसीपी ट्रैफिक जैसे पदों पर काम कर चुकी हैं. कानपुर में काम करने के दौरान उन्होंने पुलिसिंग के साथ अपने सब-ऑर्डिनेट एम्प्लॉई के साथ बेहतर तालमेल भी बनाया.

लखनऊ में भी संभाली कई अहम जिम्मेदारियां

साल 2024 में रवीना त्यागी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर पहुंचीं. इस साल मार्च में उन्हें DCP ट्रैफिक की जिम्मेदारी भी दी गई थी. अब उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें बाराबंकी का एसपी बनाया है. नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.



Source link