Last Updated:
Sitamarhi Famous Balushahi Recipe: बिहार के सीतामढ़ी में प्रसिद्ध बालूशाही को बिना तेल और घी के सीधे चाशनी में पकाया जाता है. हलवाई अरुण साह के अनुसार छेना, सूजी और चीनी के मिश्रण से यह स्वादिष्ट मिठाई मात्र 15 मिनट में तैयार होती है. इस दिवाली आप भी घर पर ये रेसिपी ट्राई कर सकते हैं.
सीतामढ़ी. बिहार में खासकर सीतामढ़ी में एक खास मिठाई बहुत पसंद की जाती है जिसे बालूशाही कहते हैं. इसे बनाने का तरीका भी बेहद अलग है जिसकी जानकारी हलवाई अरुण साह ने दी. अरुण के अनुसार स्वादिष्ट और शुद्ध बालूशाही बनाने का सबसे पहला और मुख्य चरण छेना तैयार करना है. इसके लिए सबसे पहले घर का शुद्ध भैंस का दूध लिया जाता है और उसे अच्छी तरह ओटाया (उबाला) जाता है. दूध के उबलने के बाद उसे पुराने खट्टे पानी की मदद से फाड़कर छेना तैयार किया जाता है. जब छेना हल्का गुनगुना (सुसुम) रह जाता है, तब उसे एक साफ सूती कपड़े में छानकर पानी से अलग कर लिया जाता है.
सामग्री का सही अनुपात और मिश्रण
छेना तैयार करने के बाद बालूशाही का बेस तैयार किया जाता है. हलवाई अरुण साह के बताए सही अनुपात के अनुसार, लगभग तीन किलो छेना में डेढ़ किलो सूजी, चुटकी भर बेकिंग सोडा और थोड़ी सी चीनी मिलाई जाती है. इस मिश्रण को हाथों से अच्छी तरह से मथा और मिलाया जाता है, ताकि मिश्रण में सभी चीजें एकसार हो जाएं. इसके बाद हाथों की मदद से इस तैयार मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां (बालूशाही का आकार) बना ली जाती हैं.
चाशनी का मध्यम ताव और पकाने की विधि
इस बालूशाही को पकाने का तरीका बेहद खास और अलग है, क्योंकि इसमें तेल या रिफाइंड घी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होता है. इसे सीधे चीनी और पानी से तैयार की गई चाशनी में ही पकाया जाता है. चाशनी का ताव न तो बहुत ज्यादा गाढ़ा और न ही बहुत पतला होना चाहिए, यानी इसे मध्यम आंच पर रखा जाता है. इसी सही ताव में बालूशाही की गोलियों को छोड़ दिया जाता है और जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे चाशनी में ही सीजने (पकने) दिया जाता है.
मात्र 15 मिनट में तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई
चाशनी के मध्यम ताव और लगातार सीजने की इस प्रक्रिया के जरिए मात्र 15 मिनट में बालूशाही पूरी तरह से पककर तैयार हो जाती है. जब बालूशाही चाशनी को अच्छी तरह से सोख लेती है और पक जाती है, तो उसे चाशनी से बाहर निकाल लिया जाता है. बिना तेल और घी के बनने वाला यह पारंपरिक तरीका बेहद सरल है, जिससे घर पर ही कम समय में स्वादिष्ट, रसीली और खस्ता बालूशाही बनकर तैयार हो जाती है.