Last Updated:
Vaishali News: बिहार में एक बार फिर पुलिस पर हमले की घटना सामने आई. वैशाली में स्पेशल टास्क फोर्स की टीम 25 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए पहुंची थी, लेकिन लोगों ने मिलकर पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया. यह झड़प इतनी खतरनाक थी कि 4 जवान बुरी तरह घायल हो गए.
वैशाली में पुलिस टीम पर हमला.
वैशालीः बिहार के वैशाली से पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई. बिदुपुर में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश की तलाश में पहुंची STF टीम पर हमला हो गया. भैरोपुर चौक के पास सत्यापन करने पहुंची टीम को लोगों ने घेर लिया और मारपीट की, जिसमें चार STF जवान घायल हो गए. हालात बिगड़ने पर जवानों ने अपनी पिस्टल निकाल ली. इसी दौरान हथियार छीनने की कोशिश और एक राउंड फायरिंग की खबर है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और STF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है. CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है.
वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र में STF टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है. भैरोपुर चौक के पास 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश कुणाल की गिरफ्तारी के लिए सत्यापन करने पहुंची STF टीम के साथ लोगों ने मारपीट कर दी. हमले में STF के चार जवान घायल हुए हैं. घायल जवानों की पहचान नरेंद्र कुमार, अमर कुमार, मुकेश कुमार और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है. सभी को इलाज के लिए बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यानी CHC में भर्ती कराया गया है.
हथियार छीनने की कोशिश
बताया गया कि सत्यापन के दौरान किसी बात को लेकर स्थिति बिगड़ गई और कुछ लोगों ने STF जवानों पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, स्थिति संभालने के लिए जवानों ने अपनी पिस्टल निकाल ली. इसी दौरान कुछ लोगों ने जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की. इसी दौरान एक राउंड फायरिंग होने की भी सूचना है. घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस के साथ सदर SDPO-1 सुबोध कुमार और STF DSP दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
तीन लोग हिरासत में
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इनामी बदमाश कुणाल के तीन कथित सहयोगियों को हिरासत में लिया है. तीनों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि STF टीम पर हमला किसने किया और इसमें कितने लोग शामिल थे. घटना के बाद SSP शुभांक मिश्रा के निर्देश पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. CCTV फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.