IMD Today Weather 7 October: मानसून अपनी वापसी कर रहा है और इसी के साथ सर्दियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. कई शहरों में सुबह-सुबह हल्की गुलाबी ठंड महसूस होने लगी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 7 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है. मानसून की रफ्तार भले ही थमने की ओर है लेकिन बारिश और तेज हवाओं का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है. IMD के मुताबिक करीब 21 राज्यों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है. कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. झोंकों के दौरान यह रफ्तार और बढ़ सकती है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ लैंडस्लाइड भी हो सकती है. यानी अक्टूबर शुरू होते ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है.
फोटो साभार IMD/X
7 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली-NCR में 7 अक्टूबर को बारिश और आंधी का अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. बारिश के कारण दिन के तापमान में भी कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. आसपास के इलाकों में भी बादल छाए रह सकते हैं. मौसम में इस बदलाव के कारण सुबह और शाम हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है.
पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. (फोटो IMD)
यूपी में 7 अक्टूबर को बारिश और आंधी बढ़ाएगी मुश्किल
उत्तर प्रदेश में 7 अक्टूबर को कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. फर्रुखाबाद, प्रतापगढ़, बदायूं, संभल, बिजनौर, हरदोई, उन्नाव, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रायबरेली, ज्योतिबाफुले नगर, इटावा, हमीरपुर, अमेठी, आजमगढ़, अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. किसानों को भी फसल को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
7 अक्टूबर को टॉप शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| भोपाल | 33°C | 21°C |
| कोलकाता | 33°C | 21°C |
| मुंबई | 34°C | 26°C |
| नैनीताल | 19°C | 14°C |
| जयपुर | 35°C | 23°C |
| चेन्नई | 32°C | 28°C |
| पटना | 29°C | 23°C |
| लखनऊ | 31°C | 22°C |
| शिमला | 19°C | 12°C |
| दिल्ली | 32°C | 22°C |
बिहार में 7 अक्टूबर को आंधी-बारिश से बदलेगा मौसम
7-8 अक्टूबर को झारखंड में फिर तेज होगी बारिश
झारखंड में 7 और 8 अक्टूबर को बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. देवघर, जमशेदपुर, बोकारो, रांची, रामगढ़, खूंटी, चतरा, पलामू, दुमका, सिमडेगा, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. रांची में 7 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लगातार बारिश वाले इलाकों में जलभराव और फिसलन की स्थिति बन सकती है. लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की जरूरत है.
7 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश
पश्चिम बंगाल में 7 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. दार्जिलिंग, नादिया, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर, झारग्राम, बीरभूम और बांकुड़ा में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं. कोलकाता में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
राजस्थान में 7 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवा का झटका
राजस्थान में 7 अक्टूबर को मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला नहीं है. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, डीडवाना, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बारां, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, उदयपुर, जयपुर, बूंदी और अजमेर में हल्की बारिश और तेज हवा की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पश्चिमी राजस्थान में मौसम अपेक्षाकृत गर्म रह सकता है लेकिन बारिश और हवा से कुछ इलाकों में तापमान में बदलाव महसूस होगा.
दिल्ली-NCR में 7 अक्टूबर को बारिश और आंधी का अलर्ट है. (फोटो PTI)
मध्य प्रदेश में 7 अक्टूबर को बारिश के साथ चलेगी तेज हवा
मध्य प्रदेश में 7 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है. इंदौर, खंडवा, उज्जैन, विदिशा, मंडला, अशोकनगर, छिंदवाड़ा, कटनी, भोपाल और उमरिया में मध्यम बारिश का अलर्ट है. इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के साथ हवा चलने से मौसम में अचानक बदलाव महसूस हो सकता है. खुले इलाकों में किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
7 अक्टूबर को पंजाब-हरियाणा में बारिश से बदलेगा तापमान
- पंजाब में 7 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. तरनतारन, पठानकोट, बरनाला, लुधियाना, चंडीगढ़, जालंधर, कपूरथला, फाजिल्का, मोगा और गुरदासपुर में मौसम खराब हो सकता है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है. बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है.
- हरियाणा में भी उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है. पश्चिमी विक्षोभ और आसपास के मौसम सिस्टम के असर से आसमान में बादल छाए रहने की स्थिति बन सकती है. किसानों को खेतों में खड़ी फसल को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.
पहाड़ों पर 7 अक्टूबर को बारिश के साथ बढ़ेगा भूस्खलन का खतरा
- उत्तराखंड में 7 अक्टूबर को कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट है. चमोली, बागेश्वर, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश होने पर भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
- हिमाचल प्रदेश में 7 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, ऊना, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ मौसम और ठंडा हो सकता है.
- जम्मू-कश्मीर में भी 7 अक्टूबर को मौसम सक्रिय रहेगा. मीरपुर, अनंतनाग, जम्मू, पुंछ, बारामूला, किश्तवाड़, रियासी, गांदरबल, उधमपुर, रामबन, शोपियां, दक्षिण दिनाजपुर, बांदीपोरा और राजौरी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट दिया गया है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ऊंचे इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है.
7 से 12 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर में बारिश का दौर रहेगा जारी
पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश में 7 से 11 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में 7 से 10 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है. 7 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. ऐसे में पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.
7 अक्टूबर से दक्षिण भारत में भी बारिश का सिलसिला
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 7 से 11 अक्टूबर तक कई जगह बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 9 और 10 अक्टूबर को भी भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. झोंकों के दौरान हवा 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 7 अक्टूबर को बिजली गिरने और गरज-चमक का खतरा बना रह सकता है.