Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: पहले आकाशवाणी, अब जंतर-मंतर, बसों पर चढ़े कांग्रेस नेता, राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश

Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: पहले आकाशवाणी, अब जंतर-मंतर, बसों पर चढ़े कांग्रेस नेता, राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश


होमताजा खबरदेश

LIVE: जंतर-मंतर पहुंचने से पहले रोके गए विपक्षी नेता, बसों पर चढ़े कांग्रेसी

Last Updated:

Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन तेज हो गया है. सागर रत्ना से जंतर-मंतर जा रही बसों को पुलिस ने रोका. कई कांग्रेस नेता बस के ऊपर चढ़ गए. राह…और पढ़ें

Zoom

दिल्ली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने रोकी बसें. (PTI Photo)

Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: जंतर-मंतर एक बार फिर विपक्ष के बड़े प्रदर्शन का केंद्र बना है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में हुई बैठक के बाद विपक्षी सांसद बसों से जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए. रास्ते में पुलिस ने कई बसों को रोक दिया. इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया. कुछ सांसद बसों के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे. राहुल गांधी को भी हिरासत में लेने की कोशिश की गई. हालांकि वे पुलिस की पकड़ से निकलकर आगे बढ़ते नजर आए. कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है. विपक्ष का आरोप है कि उसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा है. उसका कहना है कि जंतर-मंतर तय प्रदर्शन स्थल है. इसके बावजूद पुलिस रास्ते में रोक रही है.

Delhi Jantar Mantar Protest LIVE : दिल्ली में INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन

  • जंतर-मंतर की ओर बढ़ी विपक्षी बसों को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया. बस के अंदर बड़ी संख्या में इंडिया ब्लॉक के सांसद मौजूद थे. इनमें राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे.
  • बस रुकने के बाद कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद बस के ऊपर चढ़ गए. नेताओं ने वहीं से नारे लगाए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए.
  • कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि उनकी बस को रास्ते में रोक दिया गया है. उन्होंने बताया कि सांसद सागर रत्ना से बसों में सवार होकर निकले थे. विपक्ष का कहना है कि उनका उद्देश्य तय प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराना है.
  • ताजा घटनाक्रम में राहुल गांधी को हिरासत में लेने की कोशिश के दृश्य भी सामने आए हैं. हालांकि वे पुलिसकर्मियों से बचते हुए आगे बढ़ते नजर आए. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को भी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर है. इस वजह से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी रखी गई है.

Delhi Protest LIVE: CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आर-पार

इससे पहले मंगलवार को भी दिल्ली में विपक्ष और पुलिस के बीच जोरदार टकराव हुआ था. करीब 300 विपक्षी सांसद चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च करना चाहते थे. पुलिस ने उन्हें रोक दिया था. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और दूसरे नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में कई घंटे धरना दिया. रात में पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर हिरासत में लिया.

  • आज के प्रदर्शन के पहले खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए सागर रत्ना में बैठक और भोजन का आयोजन किया था. इसके बाद सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले. विपक्ष ने साफ किया कि मंगलवार की कार्रवाई के बाद भी उसका आंदोलन रुकने वाला नहीं है.
  • तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि सभी नेता एक साथ और एकजुट हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना किसी अहंकार के लड़ाई जारी रखेगा. उनका बयान विपक्षी एकता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. दलों का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में गंभीर सवाल उठे हैं. विपक्ष इसे मतदाताओं के अधिकारों से जोड़ रहा है. वहीं चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस की ओर से नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का हवाला दिया गया है.

राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि उनके खिलाफ दर्ज मामले उन्हें डराने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा था कि हर प्राथमिकी उनके लिए पदक की तरह है. कांग्रेस ने भी संकेत दिया है कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उसका आंदोलन जारी रहेगा.




Source link