Last Updated:
Raigarh News: आरोपी महिला मेनका सारथी ने अपने पति और मां के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दोगुना करने का झांसा दिया. इस तरह तीनों ने ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जुटा ली. शुरुआत में भरोसा दिलाने के लिए कुछ महिलाओं को मुनाफा भी दिया गया.
आरोपी मेनका सारथी को सक्ती से गिरफ्तार किया गया है.
रिपोर्ट- पंकज बरेथ, रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में ग्रामीण महिलाओं के साथ लाखों की ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोपी महिला, उसके पति और मां ने महिलाओं से 70 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ठग ली. दरअसल महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश कर दोगुना पैसा लौटाने का झांसा दिया गया था. आरोपियों ने महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में कुछ लोगों को मुनाफा लौटाया लेकिन इसके बाद उन्होंने पैसे देने बंद कर दिए. पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का नाम मेनका सारथी है. रायगढ़ पुलिस ने उसे सक्ती से गिरफ्तार किया है. मेनका, उसके पति और मां पर 11 से ज्यादा महिलाओं समेत अन्य लोगों से कुल 7077901 रुपये लेने का आरोप है. यह रकम शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ली गई थी. आरोपियों ने महिलाओं को कम समय में मोटा मुनाफा और रकम दोगुना करने की गारंटी दी थी.
मेनका सारथी ने शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफा देकर अन्य महिलाओं का भरोसा जीता था. जिसके बाद उन्हें बाकी महिलाओं ने भी पैसे इंवेस्ट करने के लिए दे दिए. इस तरह रकम 70 लाख रुपये पार हो गई. लोगों को जब मुनाफे की रकम मिलना बंद हुई, तो उन्होंने मेनका से पैसे लौटाने की बात कही लेकिन किसी को भी रकम वापस नहीं मिली.
डीएसपी पुष्पेंद्र बघेल ने इस बारे में कहा कि हाराबाई निषाद द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उसके साथ और गांव की अन्य महिलाओं के साथ ठगी हुई है. आरोपी महिला मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी ने गांव की महिलाओं से कहा कि हम शेयर मार्केट में पैसा लगाते हैं. आप हमें जो पैसा देंगे, उसे हम दोगुना कर लौटाएंगे. आपको अच्छा मुनाफा होगा. इस तरह गांव की कई महिलाओं के साथ ठगी की गई है.
उन्होंने आगे कहा कि संबंधित सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू की. जांच में पीड़ित महिलाओं के आरोप सही पाए गए. मेनका सारथी अपने पति और मां के साथ ठगी की वारदात में शामिल थी. मेनका को सक्ती से गिरफ्तार कर लिया गया है. जल्द ही आरोपी पति और मां को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस जांच में अब तक 70 लाख 77 हजार रुपये की रकम की ठगी की बात सामने आई है. फिलहाल जांच जारी है.