राजद विधायक से सवाल पूछा तो समर्थकों ने युवक की पिटाई कर दी, वायरल वीडियो के बाद उठे कई सवाल

राजद विधायक से सवाल पूछा तो समर्थकों ने युवक की पिटाई कर दी, वायरल वीडियो के बाद उठे कई सवाल


Last Updated:

Saharsa News : सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड मुख्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि राजद विधायक डॉ. गौतम कृष्ण से उनके कामकाज पर सवाल पूछने पर उनके समर्थकों ने एक युवक की पुलिस के सामने ही पिटाई कर दी. क्या है मामला, पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

नवहट्टा में युवक को राजद विधायक गौतम कृष्ण के समर्थकों ने पुलिस के सामने पीटा

सहरसा. एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि से सवाल पूछने और समर्थकों के रवैये को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला नवहट्टा प्रखंड मुख्यालय का बताया जा रहा है, जहां राजद विधायक डॉ. गौतम कृष्ण बाढ़ पीड़ितों को जीआर राशि देने की मांग को लेकर आयोजित धरना-प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान सभा में मौजूद एक युवक ने विधायक से उनके क्षेत्र में किए गए काम को लेकर सवाल पूछना शुरू कर दिया. आरोप है कि युवक के सवाल पूछने के बाद विधायक के समर्थक उसके साथ मारपीट करने लगे.

विधायक से उनके काम का हिसाब पूछ रहा था युवक

बताया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों को जीआर राशि दिलाने की मांग को लेकर राजद विधायक डॉ. गौतम कृष्ण के नेतृत्व में नवहट्टा प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था. विधायक सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी वहां मौजूद एक युवक ने उनसे उनके क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछना शुरू कर दिया. युवक के सवालों के बाद मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया. आरोप है कि इसके बाद विधायक के कई समर्थक युवक के साथ उलझ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

पुलिस के सामने युवक की पिटाई का आरोप

वायरल वीडियो में युवक के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि जिस वक्त युवक के साथ मारपीट हुई, उस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे. वीडियो में पुलिस युवक को वहां से निकालकर ले जाती हुई नजर आ रही है. हालांकि, न्यूज 18 वीडियो के कंटेंट की पुष्टि नहीं करता है. वहीं, वायरल वीडियो और सामने आए आरोपों के आधार पर घटना की पूरी तस्वीर क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. विधायक या उनके समर्थकों की ओर से इस घटना को लेकर क्या पक्ष सामने आता है, यह भी महत्वपूर्ण होगा.

सवाल पूछना गुनाह है क्या?

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है. क्या किसी जनप्रतिनिधि से उसके क्षेत्र में किए गए काम का हिसाब मांगना गुनाह है? अगर कोई युवक विधायक से सवाल पूछ रहा था और उसके सवालों से समर्थक नाराज हो गए, तो क्या उसका जवाब मारपीट होना चाहिए था?

आखिर सवालों के जवाब कौन देंगे?

लोकतंत्र में विधायक जनता के प्रतिनिधि होते हैं. जनता उनसे सवाल पूछ सकती है, उनके काम का मूल्यांकन कर सकती है और असहमति भी जता सकती है. सवाल पसंद नहीं आने पर जवाब देना या सवाल करने वाले को समझाना एक रास्ता हो सकता है, लेकिन अगर आरोप के मुताबिक सवाल पूछने वाले युवक की पिटाई की गई, तो यह निश्चित तौर पर गंभीर सवाल खड़े करता है.



Source link