पुणेवालों को इंडिगो का गिफ्ट, ‘टेंपल सिटी’ के लिए अब सीधी उड़ान, जानें शेड्यूल
Last Updated:
इंडिगो एयरलाइंस ने पुणे से भुवनेश्वर के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने का ऐलान किया है. इस फ्लाइट का ऑपरेशन 25 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. दोनों शहरों के बीच रोजाना एक डायरेक्ट फ्लाइट ऑपरेट की जाएगी. क्या है इस फ्लाइट का शेड्यूल, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर.
इंडिगो ने पुणे के साथ-साथ भुवनेश्वर वासियों को नई फ्लाइट की सौगात दी है. (इमेज: IndiGo6E)
पुणे से टेंपल सिटी ऑफ इंडिया यानी भुवनेश्वर के बीच हवाई सफर करने वालों को इंडिगो ने दीवाली की सौगात दी है. इस सौगात के तहत पुणे से भुवनेश्वर के बीच डायरेक्ट फ्लाइट ऑपरेट करने का फैसला लिया गया है. दोनों शहरों के बीच पहली फ्लाइट 25 अक्टूबर 2026 को उड़ान पुणे से भुवनेश्वर के लिए रवाना होगी. यानी अब पुणे और भुवनेश्वर से संबंध रखने वाले वे लोग, जिन्हें दीपावली में अपने घर जाने के लिए चिंता सता रही थी, वह बिना किसी परेशानी के महज दो घंटे में अपने घर पहुंच सकेंगे.
इंडिगो के अनुसार, पुणे और भुवनेश्वर के बीच ऑपरेट होने वाली फ्लाइट के लिए एयरलाइन ने एयरबस A-320 एयरक्राफ्ट को तैनात किया है. करीब 180 सीटों वाला यह एयरक्राफ्ट पुणे एयरपोर्ट से रात 11:50 बजे भुवनेश्वर के लिए टेकऑफ होगा. करीब 2 घंटे 5 मिनट के सफर के बाद यह फ्लाइट देर रात करीब 1:55 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी. इसके बाद, यही फ्लाइट देर रात करीब 2:35 बजे भुवनेश्वर से पुणे के लिए टेकऑफ होगी और सुबह करीब 5 बजे पुणे पहुंचेगी.
| सेक्टर | फ्लाइट नंबर | चलने के दिन | डिपार्चर | एराइवल |
| पुणे–भुवनेश्वर | 6E 6055 | रोजाना | 23:50 | 01:55 |
| भुवनेश्वर–पुणे | 6E 0441 | रोजाना | 02:35 | 04:40 |
आईटी और एजुकेशन हब के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
पुणे और भुवनेश्वर दोनों ही देश के बड़े आईटी और एजुकेशनल हब हैं. पुणे से बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स, आईटी प्रोफेशनल्स और बिजनेस ट्रैवलर्स ओडिशा आते-जाते हैं. इंडिगो के अनुसार, इस सीधी उड़ान के शुरू होने से स्टूडेंट्स, आईटी प्रोफेशनल्स और बिजनेस ट्रैवलर्स ओडिशा को फायदा मिलेगा. इसके अलावा, टूरिज्म और फैमिली ट्रैवल को भी बढ़ावा मिलेगा. पुणे से भुवनेश्वर के बीच रोजाना एक फ्लाइट ऑपरेट की जाएगी. दोनों सेक्टर्स के बीच डायरेक्ट फ्लाइट ऑपरेशन शुरू होने के बाद पैसेंजर्स को कनेक्टिंग फ्लाइट पर अब निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
भुवनेश्वर को कहा जाता है टेंपल सिटी ऑफ इंडिया
भवनेश्वर को ‘टेंपल सिटी ऑफ इंडिया’ यानी ‘मंदिरों का शहर’ भी कहा जाता है. यहां के प्रमुख मंदिरों में सबसे प्रसिद्ध भगवान शिव का लिंगराज मंदिर है. इसके अलावा अपनी खूबसूरत नक्काशी और तोरण के लिए मशहूर मुक्तेश्वर मंदिर और लाल-पीले रंग के बलुआ पत्थरों से बना राजारानी मंदिर भुवनेश्वर के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में एक हैं. वहीं परशुरामेश्वर मंदिर भी भुवनेश्वर के प्राचीन मंदिरों में शामिल है. भवनेश्वर से पुणे के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने से यहां के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी है पुणे
पुणे की पहचान महाराष्ट्र की ‘सांस्कृतिक राजधानी’ के तौर पर भी है. यह शहर मराठा इतिहास, शिक्षा, कला और आईटी इंडस्ट्री के नए हब के तौर पर जाना जाता है. शहर में शनिवार वाड़ा मराठा इतिहास की एक प्रमुख पहचान है, जबकि आगा खान पैलेस भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी अहम जगह है. पुणे के आसपास सिंहगढ़ किला, शिवनेरी किला और दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर जैसे फेसे फेमस टूरिस्ट प्लेस भी है.
भुवनेश्वर से इंडिगो की 15वीं उड़ान
भुवनेश्वर एयरपोर्ट से इंडिगो एयरलाइंस करीब 14 शहरों के लिए फ्लाइट सर्विस उपलब्ध करा रही है. पुणे के लिए डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने के बाद इन डेस्टिनेशंस की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी.