Last Updated:
Churu Fire Incident News: चूरू के तारानगर कस्बे में एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया. करोड़ों रुपए का तैयार व कच्चा माल और मशीनरी जलकर राख हो गई, जबकि तेज तपिश से बिल्डिंग भी ध्वस्त हो गई. तारानगर समेत आसपास के कई क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी पूरी फैक्ट्री, कई घंटे चला रेस्क्यू
चूरू: चूरू जिले के तारानगर कस्बे से एक दुखद खबर सामने आ रही है. कस्बे की एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक भयानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पलों में पूरी फैक्ट्री अपनी चपेट में आ गई. इस अग्निकांड के कारण फैक्ट्री के अंदर रखा करोड़ों रुपए का तैयार माल, कीमती कच्चा माल और आधुनिक मशीनरी जलकर खाक हो गई. आग की लपटों के कारण फैक्ट्री की पूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरा मच गई. इस बड़े हादसे ने फैक्ट्री संचालक और व्यापारियों को झकझोर कर रख दिया है. समय रहते स्थिति को भांप लिया गया, वरना कोई बड़ा जानी नुकसान भी हो सकता था.
आग का विकराल रूप
घटना के समय मौजूद के अनुसार, बुधवार सुबह अचानक फैक्ट्री के अंदर से काले धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया. जब तक लोग कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे आते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. सुबह के समय अचानक लगी इस आग को देखकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना आम लोगों के बस की बात नहीं थी. आग की भयंकर लपटों और धुएं दूर-दूर तक आसमान में दिखाई दे रहे थे, जिससे पूरे तारानगर कस्बे में सनसनी फैल गई.
कई जिलों से बुलाई गईं दमकल की गाड़ियां
आग की भयंकर स्थिति को देखते हुए लोगों ने मदद मांगी. तारानगर स्थानीय अग्निशमन दल के अलावा सरदारशहर, रतनगढ़, राजगढ़, चूरू, नोहर और भादरा सहित आसपास के कई क्षेत्रों से दमकल की दर्जनों गाड़ियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया. दमकलकर्मियों ने पानी के टैंकरों के सहयोग से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया. लगातार पानी की बौछारें करने के बाद आग शांत हुई, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था. फिलहाल आग लगने के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है.
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि तुरंत हरकत में आ गए. घटना की गंभीरता को देखते हुए पालिकाध्यक्ष हरी इंदौरिया, भाजपा नेता राकेश जांगिड़ सहित एसडीएम प्रियंका कड़ेला, डीएसपी रोहित सांखला, ईओ अजय प्रताप सिंह और थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे.
शॉर्ट सर्किट या अन्य किस वजह से यह हादसा हुआ
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और हुए नुकसान का आकलन किया. अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष को हरसंभव प्रशासनिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है. इस दर्दनाक अग्निकांड से जहां एक ओर करोड़ों का आर्थिक नुकसान हुआ है, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार से जुड़े लोगों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है. पुलिस और दमकल विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिरकार ये आग किन कारणों की वजह से लगी है.