Last Updated:
Gorakhpur News: गोरखपुर नगर निगम में हर मंगलवार को जनसुनवाई होती है.जनसुनवाई में पहुंचीं ‘ज्योत्सना मिश्रा, जो बांसगांव कॉलोनी, बिलंदपुर की रहने वाली हैं, ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से सड़क और नाली से जुड़ी समस्या को लेकर नगर निगम के चक्कर काट रही हैं. उनका कहना है कि उन्हें कई बार काम पूरा होने का भरोसा दिया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. ज्योत्सना के मुताबिक, सड़क और नाली की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गोरखपुर: शहर में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए नगर निगम की ओर से लगातार काम किए जाने का दावा किया जा रहा है. वहीं, लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए हर मंगलवार को नगर निगम में जनसुनवाई भी आयोजित की जाती है. सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर आयुक्त समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए जाते हैं.
इसी जनसुनवाई में लोकल 18 की टीम पहुंची तो अलग-अलग इलाकों से अपनी समस्याएं लेकर आए कई लोग मिले, कुछ लोगों को अधिकारियों की ओर से जल्द समाधान का भरोसा मिला, तो कुछ ऐसे भी मिले जो लंबे समय से नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं.
एक साल से सड़क और नाली के काम का इंतजार
जनसुनवाई में पहुंचीं ‘ज्योत्सना मिश्रा, जो बांसगांव कॉलोनी, बिलंदपुर की रहने वाली हैं, ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से सड़क और नाली से जुड़ी समस्या को लेकर नगर निगम के चक्कर काट रही हैं. उनका कहना है कि उन्हें कई बार काम पूरा होने का भरोसा दिया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. ज्योत्सना के मुताबिक, सड़क और नाली की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि शिकायत के बाद आश्वासन तो मिलता है, लेकिन मौके पर काम पूरा होने का इंतजार अभी भी जारी है.
हाउस टैक्स जमा करने के बाद भी आ रहा रिमाइंडर
वहीं, जनसुनवाई में ‘जितेंद्र नाम के एक व्यक्ति भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे. उन्होंने बताया कि हाउस टैक्स जमा करने के बावजूद उन्हें बार-बार टैक्स जमा करने का रिमाइंडर मिल रहा है. इसी समस्या को लेकर वह नगर निगम पहुंचे थे. जितेंद्र ने बताया कि यह उनकी नगर निगम में पहली विजिट थी और वह यह जानने पहुंचे थे कि टैक्स जमा होने के बाद भी उन्हें रिमाइंडर क्यों भेजा जा रहा है. उनका कहना है कि बार-बार रिमाइंडर मिलने से उन्हें परेशानी हो रही है.
जनसुनवाई से उम्मीद, लेकिन लंबित शिकायतों पर सवाल
नगर निगम की जनसुनवाई लोगों को अपनी समस्या सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका देती है. अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों पर तत्काल निर्देश भी दिए जाते हैं. हालांकि, लंबे समय से लंबित मामलों से यह सवाल भी सामने आता है कि जनसुनवाई के बाद शिकायतों के समाधान की निगरानी किस तरह की जा रही है और कितने मामलों का तय समय में निस्तारण हो रहा है.