Last Updated:
Jamshedpur Shalini Market: जमशेदपुर के शालिनी मार्केट में कम बजट में दुकान खोलकर अपना काम शुरू किया जा सकता है. यहां उचित किराए और दुकानें खाली हैं, जिनकी पगड़ी भी बहुत ज्यादा नहीं है. साथ ही बाजार की लोकेशन ऐसी है कि ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है.
जमशेदपुर. अगर आप भी जमशेदपुर में अपनी दुकान या छोटा-बड़ा बिजनेस शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं और ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां किराया ज्यादा न हो, लेकिन ग्राहकों की आवाजाही अच्छी रहे, तो यह खबर आपके लिए काम की हो सकती है. जमशेदपुर के बीचों-बीच स्थित शालिनी मार्केट आज भी कारोबार के लिए एक खास जगह माना जाता है. खासकर युवाओं के बीच यह बाजार काफी लोकप्रिय है, क्योंकि यहां फैशन और जरूरत के हिसाब से कई तरह के सामान आसानी से मिल जाते हैं.
कई दुकानें, किराये के लिए खाली हैं
शालिनी मार्केट को जमशेदपुर के पुराने बाजारों में गिना जाता है. समय के साथ बाजार में कई बदलाव आए हैं, लेकिन आज भी यहां दुकानों पर अच्छी भीड़ देखने को मिलती है. लोकल 18 को जानकारी देते हुए बाजार के दुकान संचालक अफरोज ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति कम बजट में अपना कारोबार शुरू करना चाहता है, तो शालिनी मार्केट उसके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां अभी भी कई दुकानें किराए के लिए खाली हैं.
लोकेशन के हिसाब से अलग किराया
अफरोज ने बताया कि शालिनी मार्केट में करीब 150 से 175 दुकानें हैं. ज्यादातर दुकानें स्टैंडर्ड साइज की हैं, जिनका आकार करीब 8 बाय 6 फीट है. दुकान के किराए की बात करें तो मार्केट के फ्रंट साइड में दुकान लेने के लिए करीब 10 से 12 हजार रुपये महीने तक किराया देना पड़ सकता है. वहीं, अगर दुकान थोड़ी अंदर की तरफ है तो करीब 4 से 5 हजार रुपये महीने में भी दुकान मिल सकती है. हालांकि किराया दुकान की लोकेशन और स्थिति के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है.
पगड़ी भी बहुत नहीं
दुकान लेने के लिए पगड़ी की बात करें तो यहां करीब 35 से 40 हजार रुपये तक की पगड़ी बताई गई है. यानी बहुत ज्यादा बड़े निवेश के बिना भी कोई व्यक्ति यहां से अपना छोटा कारोबार शुरू करने की कोशिश कर सकता है. बाजार की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन और यहां आने वाले ग्राहकों की संख्या है. जमशेदपुर के बीचों-बीच होने के कारण आसपास के इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं.
इस तरह का काम कर सकते हैं
अब बात करें कि यहां किस तरह का बिजनेस शुरू किया जा सकता है, तो शालिनी मार्केट में कपड़े, जूते-चप्पल, फल-फूल, स्टेशनरी, मनिहारी और पूजा सामग्री जैसी दुकानों की अच्छी संभावना हो सकती है. इसके अलावा युवा ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए ट्रेंडिंग फैशन आइटम और रोजमर्रा की जरूरत के सामान का कारोबार भी किया जा सकता है.
ऐसे में अगर आप भी कम बजट में जमशेदपुर में अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो शालिनी मार्केट जैसी भीड़भाड़ वाली जगह आपके लिए एक विकल्प हो सकती है. हालांकि दुकान लेने से पहले किराया, पगड़ी, ग्राहक वर्ग और आसपास की प्रतिस्पर्धा की पूरी जानकारी जरूर लेनी चाहिए.