ट्रैफिक अपडेट: कनॉट प्लेस और संसद भवन के पास इन रास्तों पर जाने से बचें
Last Updated:
Delhi Traffic Diversion: सीईसी के खिलाफ विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के संसद से निर्वाचन सदन तक प्रस्तावित विरोध मार्च को देखते हुए राजधानी दिल्ली की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. लुटियंस दिल्ली में संभावित भारी भीड़, पैदल मार्च और संवेदनशील सुरक्षा हालात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 6 अक्टूबर के लिए व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है
संसद मार्ग से गोल डाकखाना तक भारी बैरिकेडिंग की गई है. (फाइल फोटो)
Delhi Traffic Advisory: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के संसद से निर्वाचन सदन तक प्रस्तावित विरोध मार्च और प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त और संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने 6 अक्टूबर के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई व्यस्ततम मार्गों पर सुबह 8:00 बजे से ही ट्रैफिक को रेगुलेट और डायवर्ट करना शुरू कर दिया गया है.
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन:
कनॉट प्लेस और पटेल चौक के आसपास का पूरा इलाका
संसद मार्ग (पार्लियामेंट स्ट्रीट)
पटेल चौक से गोल डाकखाना (GPO) मार्ग
विंडसर प्लेस से गोल डाकखाना (GPO) तक का रास्ता
अशोका रोड
जंतर-मंतर रोड और उससे जुड़ने वाली तमाम संपर्क सड़कें
यात्रियों के लिए दिल्ली पुलिस के जरूरी दिशा-निर्देश:
गैर-जरूरी आवाजाही से बचें: नई दिल्ली और जंतर-मंतर के आसपास के प्रभावित इलाकों से अनावश्यक रूप से गुजरने से परहेज करें.
डायवर्जन और जाम के लिए रहें तैयार: कई प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा, जिससे भारी जाम लगने की आशंका है.
अतिरिक्त समय लेकर निकलें: घर या दफ्तर से निकलने से पहले अपने सफर की योजना पहले से बनाएं और अतिरिक्त समय हाथ में लेकर चलें.
मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें: जाम से बचने के लिए निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों को प्राथमिकता दें.
ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें: सड़कों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों के दिशा-निर्देशों और ट्रैफिक साइनेज का सख्ती से पालन करें.
प्रतिबंधित क्षेत्रों में पार्किंग से बचें: सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील और प्रतिबंधित इलाकों के आसपास गाड़ियां रोकने या अनधिकृत पार्किंग करने से बचें.