4.5 करोड़ के पार पहुंचा ‘लेडी नटवरलाल’ की ठगी का आंकड़ा, रतलाम की सपना ठाकुर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर

4.5 करोड़ के पार पहुंचा ‘लेडी नटवरलाल’ की ठगी का आंकड़ा, रतलाम की सपना ठाकुर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर


Last Updated:

Ratlam News: रतलाम में खुद को फर्जी नारकोटिक्स टीआई बताकर 4.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने वाली आरोपी सपना ठाकुर को पुलिस ने 3 दिन की रिमांड पर लिया है. अब तक 5 से ज्यादा पीड़ित पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं. माणक चौक थाना पुलिस इस फर्जीवाड़े की जांच में जुटी है.

Zoom

रतलाम पुलिस की हिरासत में आरोपी सपना ठाकुर.

Ratlam News: रतलाम में फर्जी नारकोटिक्स टीआई बनकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाली आरोपी सपना ठाकुर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. रतलाम की माणक चौक थाना पुलिस ने इस लेडी नटवरलाल को गिरफ्तार कर 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है. पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है.

4.5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार, फर्जी नारकोटिक्स टीआई सपना ठाकुर पर अब तक 4 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप लगे हैं. जैसे ही इस मामले का खुलासा हुआ और पहली एफआईआर दर्ज की गई, उसके बाद से ठगी के शिकार कई अन्य लोग भी सामने आने लगे हैं. अब तक 5 से ज्यादा पीड़ित शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच चुके हैं.

प्रॉपर्टी कारोबारी से शुरू हुई ठगी की जांच
ठगी का यह मामला सबसे पहले तब सामने आया जब रतलाम के प्रॉपर्टी कारोबारी रुपेश चपरोट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. आरोपी महिला ने प्रॉपर्टी कारोबारी को उनके अटके हुए 11 लाख रुपये से अधिक की राशि वापस दिलवाने का झांसा दिया था. इसी झांसे के नाम पर कारोबारी से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने के आरोप सामने आए हैं.

झांसा देकर ऐंठी रकम
मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाती थी. वह कभी लोन दिलाने का वादा करती थी, तो कभी लाइसेंस और पेट्रोल पंप दिलवाने का दावा करती थी. इसके अलावा, लोगों का अटका हुआ पैसा वापस कराने के नाम पर भी उनसे मोटी रकम ऐंठ लेती थी.

मुंबई से लेकर रतलाम तक फैला नेटवर्क
इस मामले की खास बात यह है कि पीड़ित केवल एक शहर तक सीमित नहीं हैं. मामला दर्ज होने के बाद रतलाम, मंदसौर, धार और मुंबई जैसे अलग-अलग शहरों से आधा दर्जन लोग रतलाम पुलिस के पास पहुंचने लगे हैं. आरोपी महिला ने किस तरह रतलाम से लेकर मुंबई तक ठगी का साम्राज्य फैला रखा था, यह देखकर पुलिस भी हैरान है.

पुलिस रिमांड में जारी पूछताछ
फिलहाल, माणक चौक थाना पुलिस आरोपी सपना ठाकुर को 3 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश में जुटी है. इस संबंध में रतलाम के एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने मामले की जानकारी दी है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ठगी से जुड़े कुछ और नए खुलासे हो सकते हैं.



Source link