श्रेयस अय्यर का तूफानी शतक, भारत को सीरीज में बढ़त, 8 विकेट से जीता पहला टी20
Last Updated:
India beat West Indies 1st T20: वेस्टइंडीज की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी. 19.1 ओवर में मेहमान टीम 171 रन पर ढेर हो गई. जवाब में भारत ने कप्तान श्रेयस अय्यर के नाबाद शतक के दम पर मुकाबले को 8 विकेट से जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. भारत इस टारगेट को 14.4 ओवर में हासिल कर लिया.
भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को हराया.
नई दिल्ली. भारत ने पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस जीत से टीम इंडिया ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. वेस्टइंडीज की ओर से रखे गए 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के विकेट गंवाकर आठ विकेट से जीत दर्ज कर ली. कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद शतकीय पारी खेली. जबकि ईशान किशन ने 27 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए. श्रेयस के टी20 इंटरनेशनल करियर का यह पहला शतक है. वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 में शतक जड़ने वाले श्रेयस तीसरे भारतीय हैं. इससे पहले रोहित शर्मा और केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरी जड़ी थी.
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर संजू सैमसन 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद अभिषेक शर्मा भी 10 गेंदों पर तेजतर्रार 21 रन बनाकर आउट हो गए. सैमसन को अकील हुसैन ने जबकि अभिषेक को रोस्टन चेज ने आउट किया. 35 के कुल स्कोर पर दोनों ओपनर्स के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने यहां से विकेट नहीं गिरने दिया और दोनों ने 100 से ज्यादा रन की साझेदारी की टीम इंडिया को शानदार जीत दिला दी. श्रेयस ने 43 गेंदेां पर 10 चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाए वहीं ईशान ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया.
वेस्टइंडीज ने 171 रन बनाए
इससे पहले, ऑलराउंडर नमन धीर ने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार पदार्पण करते हुए अपनी ऑफ स्पिन से तीन विकेट झटके. जिससे भारत ने वेस्टइंडीज को 19.1 ओवर में 171 रन पर समेट दिया. धीर ने चार ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए. वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान शाई होप ने 37 गेंद में 52 और शरफेन रदरफोर्ड ने 34 गेंद में 56 रन की पारी खेली.
वेस्टइंडीज की शुरुआत तेज रही
पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत तेज रही. होप ने दूसरे ओवर में मयंक यादव की गेंदों पर चार चौके जड़ दिए. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे ओवर में मयंक की जगह अक्षर पटेल को गेंद सौंप दी. भारत को पहली सफलता अर्शदीप सिंह ने कामिल पूरन (12) को बोल्ड कर दिलाई. छठे ओवर में वेस्टइंडीज को दोहरा झटका लगा. पहले शिमरॉन हेटमायर (5) रन आउट हुए और फिर अक्षर पटेल ने रोवमैन पॉवेल को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया.
वेस्टइंडीज की पारी को रदरफोर्ड ने संभाला
इसके बाद रदरफोर्ड ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाला. उन्होंने नौवें ओवर में कुलदीप यादव पर दो छक्के लगाए और 11वें ओवर में अक्षर पटेल के खिलाफ दो चौके और एक छक्का जड़ा. रदरफोर्ड के आने के बाद दूसरे छोर से बल्लेबाजी कर रहे होप ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया. धीर ने 12वें ओवर में उन्हें अक्षर के हाथों डीप मिडविकेट पर कैच कराकर पवेलियन भेजा. इसके बाद कुलदीप ने रोस्टन चेज (5) को एलबीडल्यू आउट किया. 12.3 ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 114 रन हो गया.
मयंक यादव कमबैक मैच में महंगे रहे
रोमारियो शेफर्ड (7) ने धीर की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे. कुलदीप की गेंद पर इशान किशन ने शानदार कैच लेकर मैथ्यू फोर्ड की दो रन की पारी का अंत किया. धीर ने इसके बाद शमर स्प्रींगर को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया. चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव इस मुकाबले में महंगे साबित हुए लेकिन पारी के 19वें ओवर में उन्होंने रदरफोर्ड का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, जिन्हें धीर ने डीप स्क्वायर लेग पर कैच किया. अंत में अक्षर पटेल ने अकील हुसैन (15) को इशान के हाथों लॉन्ग ऑन पर कैच कराकर वेस्टइंडीज की पारी समेट दी.