राज्यसभा कैंडिडेट्स की घोषणा होते ही बरेली बीजेपी में रार, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लिखा- ‘टाटा बाय-बाय’

राज्यसभा कैंडिडेट्स की घोषणा होते ही बरेली बीजेपी में रार, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने लिखा- ‘टाटा बाय-बाय’


Last Updated:

Former MP Dharmendra Kashyap Facebook Post Viral: राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों के ऐलान के बाद बरेली बीजेपी में हलचल तेज हो गई है. पार्टी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अपने फेसबुक पेज पर ‘टाटा बाय-बाय’ लिखकर पोस्ट की, जिसके बाद उनके अगले कदम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

Zoom

धर्मेंद्र कश्यप की तस्वीर (photo credit_ Social Media)

बरेली: यूपी के बरेली में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के अंदर हलचल की चर्चा तेज हो गई है. इसी बीच आंवला के पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने मंगलवार को अपने फेसबुक पेज पर ‘टाटा बाय-बाय’ लिखकर एक पोस्ट की. उनकी इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

धर्मेंद्र कश्यप भाजपा के पुराने नेताओं में शामिल रहे हैं और आंवला लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं. 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने आंवला सीट से जीत दर्ज की थी. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी नीरज मौर्य से हार का सामना करना पड़ा.

2024 में नीरज मौर्य से हार गए थे चुनाव
2024 के लोकसभा चुनाव में आंवला सीट पर भाजपा और सपा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था. सपा के नीरज मौर्य को 4,92,515 वोट मिले, जबकि भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को 4,76,546 वोट मिले. नीरज मौर्य ने धर्मेंद्र कश्यप को 15,969 वोटों के अंतर से हराया था.

फेसबुक पोस्ट वायरल
अब 2026 में राज्यसभा के लिए भाजपा की उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद धर्मेंद्र कश्यप की फेसबुक पोस्ट ने बरेली की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की आठ सीटों के लिए धर्मपाल सिंह, श्रुति गंगवार समेत आठ नेताओं को प्रत्याशी बनाया है.

धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार को टिकट
भाजपा की सूची में बरेली से धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार के नाम शामिल हैं. धर्मपाल सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं और आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं. वहीं श्रुति गंगवार पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी हैं.

टाटा बाय-बाय पोस्ट वायरल
इसी के बाद धर्मेंद्र कश्यप की ‘टाटा बाय-बाय’ पोस्ट सामने आई है. हालांकि उनकी पोस्ट का मतलब क्या है और वह भाजपा को लेकर आगे क्या कदम उठाएंगे, इस पर उन्होंने अपनी पोस्ट में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है.

मीडिया रिपोर्ट्स में उनके भाजपा छोड़कर सपा में जाने की अटकलों का भी जिक्र किया गया है, लेकिन इसे लेकर उनकी ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है. फिलहाल धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट के बाद बरेली की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. आने वाले दिनों में उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजर रहेगी.



Source link