पीएम मोदी पर एंटी इनकंबेंसी नहीं, राहुल गांधी को लॉन्च करने की हर कोशिश नाकाम, सासाराम में सम्राट चौधरी का विपक्ष पर हमला

पीएम मोदी पर एंटी इनकंबेंसी नहीं, राहुल गांधी को लॉन्च करने की हर कोशिश नाकाम, सासाराम में सम्राट चौधरी का विपक्ष पर हमला


Last Updated:

CM Samrat Chaudhary News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रोहतास जिले के जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी, राहुल गांधी और बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी पर एंटी इंकमबेंसी काम नहीं करती है. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी को लॉन्च करने की कांग्रेस की हर कोशिश नाकाम रही है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी. (फाइल फोटो)

सासाराम. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सासाराम में युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. खासकर कांग्रेस और राहुल गांधी उनके टारगेट पर रहे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी काम नहीं करती, जबकि राहुल गांधी को लॉन्च करने की कांग्रेस की हर कोशिश नाकाम रही है. सीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी काम करती है. उन्होंने 2005 से पहले के बिहार की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए दावा किया कि एनडीए सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है. मुख्यमंत्री ने इस दौरान कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, युवाओं और बिहार के आर्थिक विकास को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.

राहुल गांधी को लॉन्च करने की कोशिश पर साधा निशाना

जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उनके खिलाफ एंटी इनकंबेंसी काम नहीं करती है. कांग्रेस राहुल गांधी को लॉन्च करने की लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी हर कोशिश नाकाम साबित हुई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी काम करती है. सीएम ने प्रधानमंत्री के विजन को देश की आर्थिक प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि मोदी युवाओं से सीधे जुड़ते हैं और उन्हें देश के विकास में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं.

2005 से पहले का बिहार बदहाल था

मुख्यमंत्री ने बिहार की पुरानी स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि 2005 से पहले राज्य में बदहाली और अपराध का माहौल था. रोहतास और कैमूर जैसे इलाकों में डाकुओं का खौफ रहता था. लोग कैमूर से आरा जाने में भी डरते थे. लेकिन एनडीए सरकार के आने के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदली है. उन्होंने कहा कि झारखंड के अलग होने के बावजूद बिहार ने खुद को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है. देश को ताकतवर बनाना है तो समृद्ध बिहार के सपने को साकार करना होगा.

सत्ता मेवा नहीं, सेवा का माध्यम

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ लोग सत्ता को मेवा हासिल करने का माध्यम समझते हैं, जबकि एनडीए के लिए सत्ता जनता की सेवा का अवसर है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में रहते हुए सेवा का भाव स्थापित किया है. मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को लेकर भी अपनी सरकार का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि बिहार की किसी बहन या बेटी के साथ गलत करने वाले को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा. आज राज्य में करोड़ों महिलाएं घर से बाहर निकलकर काम कर रही हैं और यह सुरक्षा के माहौल के कारण संभव हुआ है.

122 करोड़ की सड़क का लोकार्पण, 177 योजनाओं की सौगात

सासाराम दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बेदा में करीब 122 करोड़ रुपये की लागत से बनी 9 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का लोकार्पण किया. इसके अलावा उन्होंने सहयोग शिविर में हिस्सा लिया और करीब 550 करोड़ रुपये की 177 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कायाकल्प योजना के तहत तालाब के पुनरुद्धार कार्य का जायजा भी लिया. वहीं, करूप स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया.

युवा संवाद में सेवा यात्रियों से भी मिले सीएम

जमुहार में आयोजित कार्यक्रम में गुजरात के बड़नगर से बाइक के जरिए वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों के साथ मुख्यमंत्री ने संवाद किया. इस दौरान उन्होंने युवाओं से बिहार के विकास और देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की. कार्यक्रम में सांसद बीडी सिंह, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह और भाजपा नेता भीकूभाई दलसानिया समेत कई नेता मौजूद रहे.



Source link