दिल्‍ली से बिहार तक 60 KMPH की आंधी का खतरा, IMD का 16 राज्‍यों में अलर्ट – imd aaj ka Mausam rain and 60 kmph speed storm forecast for 16 states bay

दिल्‍ली से बिहार तक 60 KMPH की आंधी का खतरा, IMD का 16 राज्‍यों में अलर्ट – imd aaj ka Mausam rain and 60 kmph speed storm forecast for 16 states bay


Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अलग-अलग स्तरों पर बनी कई मौसम प्रणालियों के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व, पूर्वोत्तर, पश्चिमी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 6 से 11 अक्टूबर 2026 के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी बारिश होने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने 15 से 16 राज्‍यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी पूर्वानुमान है. बंगाल की खाड़ी में नया सिस्‍टम बनने की प्रबल संभावना के बीच मौसम के तेवर के तल्‍ख होने का अनुमान है.

IMD के मुताबिक, गंगा से लगते पश्चिम बंगाल के क्षेत्र से मध्य महाराष्ट्र तक बना ट्रफ अब सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी बांग्लादेश तक एक अन्य ट्रफ बना हुआ है. पूर्वोत्तर बिहार से उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक मौजूद ट्रफ अब उत्तर-मध्य बिहार से उत्तर ओडिशा तक पहुंच गया है. वहीं, एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी ट्रफ के रूप में सक्रिय है. इसके अलावा कोमोरिन क्षेत्र से तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक होते हुए उत्तर आंतरिक कर्नाटक में बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) तक एक ट्रफ मौजूद है. इन प्रणालियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

इन राज्‍यों में आंधी-तूफान की आशंका

6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में 7-8 अक्टूबर और हिमाचल प्रदेश में 7-10 अक्टूबर के दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है. उत्तराखंड में 7-9 अक्टूबर को भी तेज हवाएं चल सकती हैं. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तथा पंजाब में 6-7 अक्टूबर को गरज, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 8-9 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 6-9 अक्टूबर तथा 6-8 अक्टूबर के दौरान गरज और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली-NCR में 6 अक्‍टूबर से बदलेगा मौसम, बारिश की संभावना

देश की राजधानी दिल्‍ली में मौसम करवट बदल सकता है. पश्चिम विक्षोभ के कारण बने नए वेदर सिस्‍टम की वजह से दिल्‍ली और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार सामान्‍य से ज्‍यादा रह सकती है. बारिश होने से यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. दिल्‍ली-एनसीआर में 6 से 11 अक्‍टूबर तक बारिश का माहौल रह सकता है.



Source link