Last Updated:
25th Modi Era Varanasi 2026 Event : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर आज यानी 6 अक्टूबर को वाराणसी में न्यूज 18 इंडिया का एक कार्यक्रम हुआ. इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने काफी कुछ कहा. आइए जानते हैं सब.
राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र कार्यक्रम में बोलते.
वाराणसी : उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष (स्वतंत्र प्रभार), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ न्यूज 18 इंडिया के 25th मोदी ईरा वाराणसी 2026 कार्यक्रम में शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने कहा कि 25 सालों की इस राजनीतिक यात्रा में करीब 13 वर्ष उन्होंने गुजरात को दिए. वर्ष 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला और इसके बाद लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने.
उन्होंने कहा कि गुजरात में उनके कार्यकाल के दौरान वाइब्रेंट गुजरात जैसे आयोजनों से लेकर साबरमती रिवरफ्रंट तक कई परियोजनाएं चर्चा में रहीं. आज देश के अलग-अलग हिस्सों में नदियों और नदी तटों के विकास की परियोजनाएं भी देखने को मिलती हैं. काशी से उनका राजनीतिक जुड़ाव भी खास रहा है. पहली बार वाराणसी आने पर उन्होंने कहा था कि ‘माँ गंगा ने मुझे बुलाया है.’ काशी और गंगा से जुड़े उनके इस भाव को उन्होंने कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया है. उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों में जनधन योजना को एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है. वर्ष 2014 में शुरू हुई प्रधानमंत्री जनधन योजना का उद्देश्य देश के उन लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना था, जो इससे बाहर थे. सितंबर 2026 तक इस योजना के तहत करीब 59.4 करोड़ खाते दर्ज हैं.
मंत्री ने आगे कहा कि इन खातों के जरिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT को भी व्यापक आधार मिला. किसान सम्मान निधि, पेंशन और दूसरी सरकारी सहायता जैसी रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाने लगी. इसी तरह डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में UPI ने भारत के भुगतान तंत्र को बड़े स्तर पर बदला. आज UPI के जरिए हर महीने अरबों लेन-देन होते हैं और भारत का डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम दुनिया में चर्चा का विषय है. गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से राहत देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की गई. योजना के तहत अब तक 10.56 करोड़ से अधिक LPG कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं. इन योजनाओं को सरकार की उस नीति के हिस्से के रूप में देखा जा सकता है, जिसमें बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और स्वच्छ ईंधन जैसी सुविधाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
सपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि वो क्यों दुखी हैं? उनके समय वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया से पहचान थी. अब अपराध मुक्त यूपी है.