Last Updated:
Neem Karoli Baba : नीम करौली बाबा के प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन नई व्यवस्था पर विचार कर रहा है. कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन और एक दिन में आने वालों की संख्या सीमित करने के विकल्प पर मंथन हुआ है. कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की बैठक के बाद नैनीताल डीएम और एसएसपी कैंचीधाम का संयुक्त निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही रजिस्ट्रेशन और श्रद्धालुओं की संख्या सीमित करने पर अंतिम फैसला होगा.
कैंचीधाम में अब श्रद्धालुओं की संख्या होगी सीमित?
नैनीताल (गौरव जोशी) : नीम करौली बाबा मंदिर में दर्शन को कैंचीधाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अब श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन और उनकी संख्या सीमित करने की व्यवस्था पर विचार कर रहा है. कैंचीधाम में लगातार बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग की समस्या और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन स्तर पर व्यवस्थाओं को नए सिरे से तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है. इसी को लेकर आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने विभागीय अधिकारियों, होटल कारोबारियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक की. बैठक में कैंचीधाम में बढ़ते श्रद्धालुओं के दबाव और उससे उत्पन्न होने वाली यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों और संबंधित पक्षों से क्षेत्र की क्षमता के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर सुझाव लिए गए.
बैठक में इस बात पर विशेष रूप से मंथन किया गया कि क्या कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था शुरू की जा सकती है. इसके साथ ही एक दिन में कैंचीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निर्धारित करने के विकल्प पर भी चर्चा हुई. हालांकि, अभी इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.
डीएम-एसएसपी करेंगे संयुक्त निरीक्षण
आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि डीएम नैनीताल और एसएसपी नैनीताल कैंचीधाम का संयुक्त निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सड़क की क्षमता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा. इसके बाद मौके की स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर आयुक्त कार्यालय को भेजी जाएगी. उन्होंने बताया कि संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट मिलने के बाद ही श्रद्धालुओं के रजिस्ट्रेशन और उनकी संख्या सीमित करने को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में बढ़ते दबाव को नियंत्रित करना है.
बढ़ती भीड़ से बढ़ रहा यातायात दबाव
कैंचीधाम में पिछले कुछ समय से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. विशेषकर सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक कैंचीधाम पहुंच रहे हैं. इससे कैंचीधाम और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही जाम की स्थिति भी बन रही है. पार्किंग की सीमित क्षमता के कारण कई बार वाहनों को निर्धारित स्थानों से पहले ही रोकना पड़ता है. प्रशासन अब ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर विचार कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या क्षेत्र की क्षमता के अनुरूप रहे और उन्हें दर्शन के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े. रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की संख्या को पहले से नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
स्टेकहोल्डर्स से लिए गए सुझाव
बैठक में होटल कारोबारियों और अन्य संबंधित पक्षों से भी सुझाव लिए गए. अधिकारियों का कहना है कि कैंचीधाम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ स्थानीय कारोबार और पर्यटन गतिविधियों के बीच संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है. संयुक्त निरीक्षण और रिपोर्ट के बाद इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था तय की जाएगी. फिलहाल रजिस्ट्रेशन व्यवस्था और श्रद्धालुओं की संख्या सीमित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है. संयुक्त निरीक्षण के बाद मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा.