World Teachers’ Day 2026: हर साल 5 अक्टूबर को World Teachers’ Day यानी विश्व शिक्षक दिवस मनाया जाता है. यह दिन सिर्फ शिक्षकों के योगदान को याद करने का मौका नहीं है बल्कि इस बात पर भी ध्यान खींचता है कि शिक्षक किन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था उन्हें कितना पेशेवर और जरूरी सहयोग दे रही है. World Teachers’ Day 2026 इसलिए भी खास है क्योंकि इस साल 1966 में शिक्षकों की स्थिति को लेकर बनी अंतरराष्ट्रीय सिफारिश के 60 साल पूरे हो रहे हैं.वहीं UNESCO ने चेतावनी दी है कि 2030 तक दुनिया को सार्वभौमिक प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा का लक्ष्य हासिल करने के लिए 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत होगी.
5 OCT को ही क्यों मनाया जाता है World Teachers’ Day?
विश्व शिक्षक दिवस की तारीख के पीछे एक खास वजह है. 5 अक्टूबर 1966 को UNESCO और इंटरनेशनल लेबर ऑर्गनाइजेशन (International Labour Organisation,ILO) के सहयोग से आयोजित एक विशेष अंतर-सरकारी सम्मेलन में शिक्षकों की स्थिति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सिफारिश को अपनाया गया था.इसी को 1966 आईएलओ यूनेस्को रीकमेंडेशन कंसर्निंग द स्टेटस ऑफ टीचर्स कहा जाता है. इसमें शिक्षकों के अधिकार और जिम्मेदारियों के साथ-साथ उनकी तैयारी, आगे की शिक्षा, भर्ती, रोजगार और पढ़ाने-सीखने की परिस्थितियों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मानक तय किए गए थे.बाद में 1994 से हर साल 5 अक्टूबर को World Teachers’ Day मनाया जाने लगा.इस तरह यह दिन शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनके पेशे से जुड़े अधिकारों और काम करने की परिस्थितियों पर चर्चा का भी अवसर बन गया.
2026 में World Teachers’ Day क्यों है खास?
साल 2026 का World Teachers’ Day कई मायनों में महत्वपूर्ण है. इस वर्ष 1966 की उस सिफारिश को लागू हुए 60 साल पूरे हो रहे हैं जिसने दुनिया भर में शिक्षकों के पेशे से जुड़े अधिकारों और मानकों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय ढांचा तैयार किया था.UNESCO ने इस साल के लिए थीम रखी है: Standing with teachers: 60 years of protecting the profession, advancing its status and shaping our futures.इसका फोकस सिर्फ शिक्षकों को धन्यवाद देने तक सीमित नहीं है. इस साल यह सवाल भी सामने रखा जा रहा है कि क्या शिक्षा व्यवस्था शिक्षकों को अपना काम बेहतर तरीके से करने के लिए जरूरी पेशेवर और आर्थिक सहयोग दे रही है.
शिक्षकों के लिए क्या तय किया गया था?
1966 की ILO-UNESCO सिफारिश का मकसद शिक्षकों के पेशे की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ मानक तय करना था.इसमें शिक्षकों के अधिकार और जिम्मेदारियों, उनकी शुरुआती ट्रेनिंग और आगे की शिक्षा, भर्ती, रोजगार की शर्तों और शिक्षण-अधिगम के माहौल जैसे मुद्दों को शामिल किया गया था यानी शिक्षक दिवस की मूल भावना केवल शिक्षक के योगदान को सम्मान देना नहीं है बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि शिक्षक जिस व्यवस्था में काम करते हैं.उसमें उनके पेशेवर अधिकार और काम की परिस्थितियां बेहतर हों.
शिक्षकों के सामने बदली चुनौतियां
2026 में 1966 की सिफारिश की समीक्षा और संशोधन भी किया जा रहा है. इसके पीछे वजह यह है कि पिछले छह दशकों में शिक्षा और समाज दोनों में बड़े बदलाव हुए हैं.UNESCO के अनुसार आज शिक्षकों के सामने डिजिटल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, प्रवासन और विस्थापन जैसी नई चुनौतियां हैं. इनके साथ शिक्षकों की स्वायत्तता, नीतियां बनाने की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी, वेतन, काम का बोझ और काम करने का माहौल भी महत्वपूर्ण मुद्दे बने हुए हैं.इसलिए मौजूदा समीक्षा का उद्देश्य यह देखना है कि शिक्षकों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मानकों को आज की बदलती परिस्थितियों के हिसाब से कैसे तैयार किया जाए.
2030 तक दुनिया को चाहिए 4.4 करोड़ शिक्षक
World Teachers’ Day 2026 का एक बड़ा मुद्दा दुनिया में शिक्षकों की कमी भी है. UNESCO के अनुसार 2030 तक प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा का लक्ष्य हासिल करने के लिए दुनिया को 44 मिलियन यानी 4.4 करोड़ अतिरिक्त शिक्षकों की जरूरत होगी.यह आंकड़ा केवल नए शिक्षकों की भर्ती की जरूरत नहीं बताता, बल्कि इस बात की ओर भी इशारा करता है कि शिक्षकों को पेशे में बनाए रखना और उन्हें बेहतर कामकाजी परिस्थितियां देना भी उतना ही जरूरी है यानी आने वाले वर्षों में शिक्षा व्यवस्था के सामने चुनौती केवल यह नहीं होगी कि कितने नए शिक्षक भर्ती किए जाएं, बल्कि यह भी होगी कि मौजूदा शिक्षक पेशे में बने रहें और उन्हें बेहतर तरीके से काम करने के लिए जरूरी सहयोग मिले.
पेरिस में होगा World Teachers’ Day 2026 का कार्यक्रम
World Teachers’ Day 2026 का वैश्विक समारोह 5 अक्टूबर को UNESCO मुख्यालय, पेरिस में आयोजित किया जाएगा.इसमें शिक्षक, शिक्षा मंत्री और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े दूसरे हितधारक शामिल होने की उम्मीद है.कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के पेशे की स्थिति को सुरक्षित रखने और उसे आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.इसमें शिक्षकों की भूमिका, उनके अधिकार, काम करने की परिस्थितियों और बदलती शिक्षा व्यवस्था में उनके सामने आ रही चुनौतियों पर ध्यान दिया जाएगा.