Last Updated:
Katihar News : कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास बदमाशों ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को गोली मार दी. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे कोर्ट में क्लाइंट से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
कटिहार. बिहार के कटिहार जिले से बड़ी खबर खबर सामने आ रही है. दरअसल कटिहार में सोमवार को दिनदहाड़े बीच बाजार एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास की है. मृतक अधिवक्ता की पहचान गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना का एक LIVE CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक अपराधी अधिवक्ता को गोली मारता हुआ नजर आ रहा है.
जानकारी के मुताबिक, गुड्डू अंसारी पटेल चौक के पास थे, तभी अपराधी ने उन्हें निशाना बनाया. गोली लगते ही अधिवक्ता मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
LIVE फुटेज में गोली मारता दिखा अपराधी
घटना से जुड़ा LIVE फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के लिए अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. फुटेज में एक व्यक्ति अधिवक्ता के पास पहुंचता है और गोली मारकर मौके से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है. पुलिस CCTV फुटेज समेत घटनास्थल से जुड़े तमाम साक्ष्यों की जांच कर रही है.
कोर्ट से जुड़े विवाद में हत्या की चर्चा
प्रारंभिक तौर पर चर्चा है कि कोर्ट में क्लाइंट से जुड़े किसी विवाद के कारण अधिवक्ता की हत्या की गई है. हालांकि इस वजह की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और सभी संभावित एंगल को देखा जा रहा है.
परिजनों ने एक आरोपी पर लगाया आरोप
वहीं, मृतक अधिवक्ता के परिजनों ने पुरानी रंजिश और विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि पहले से चले आ रहे विवाद के कारण ही गुड्डू अंसारी को निशाना बनाया गया. हालांकि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है. मृतक के परिजन मोहम्मद मुमताज आलम ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर उन्हें शक है और उसी पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है.
पुलिस बोली- सभी पहलुओं से हो रही जांच
कटिहार के डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है. हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल अपराधियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.