हिमाचल के बद्दी में युवक की हत्या, तालाब में मिली लाश, 1800 KM दूर से 4 आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल के बद्दी में युवक की हत्या, तालाब में मिली लाश, 1800 KM दूर से 4 आरोपी गिरफ्तार


Last Updated:

हिमाचल प्रदेश के बद्दी में युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंकने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत चनालमाजरा क्षेत्र में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी.

बद्दी. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में युवक की हत्य़ा के बाद लाश तालाब में फेंक दी गई. पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत चनालमाजरा क्षेत्र में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी और अब बद्दी पुलिस ने चार आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है.

बद्दी पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को उमेश कुमार निवासी बिहार, हाल निवासी चनालमाजरा ने अपने भाई मुकेश कुमार के 28 सितंबर से लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी. शिकायत के मुताबिक मुकेश कुमार शाम के समय अपने कुछ साथियों के साथ गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा.

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुकेश कुमार की तलाश शुरू की. तलाश के दौरान चनालमाजरा क्षेत्र स्थित एक छोटे तालाब से उसका शव बरामद किया गया. पुलिस के प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई और जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस थाना मानपुरा की टीम ने महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से जलगांव के थाना शनिपेठ क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार (19), गोगल मुखिया उर्फ रोशन (21), चंदन कुमार (22) और संतोष कुमार (24) के रूप में हुई है. चारों आरोपी बिहार के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं.

बद्दी पुलिस टीम ने आरोपियों को पहले माननीय न्यायालय जलगांव, महाराष्ट्र के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल किया. इसके बाद चारों को ACJM नालागढ़ की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारण, वारदात में उनकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है.

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल मामले की जांच की लगातार समीक्षा कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है.



Source link