Mix Veg Recipe: कभी घर में सारी पसंदीदा सब्जियां मौजूद होती हैं, फिर भी रेस्टोरेंट जैसी मिक्स वेज का स्वाद नहीं आ पाता. सब्जियां कभी ज्यादा गल जाती हैं तो कभी ग्रेवी का स्वाद फीका लगता है. यही वजह है कि शादी-पार्टी में मिलने वाली गाढ़ी और मसालेदार मिक्स वेज घर की सब्जी से थोड़ी अलग लगती है, अगर आप भी नान, रोटी या पराठे के साथ ऐसी ही स्वादिष्ट सब्जी बनाना चाहते हैं तो इसकी ग्रेवी पर थोड़ा ध्यान देना जरूरी है.
दही, काजू का पेस्ट और मसालों का सही मेल इस सब्जी को खास स्वाद दे सकता है. शेफ अजय चोपड़ा की बताई रेसिपी में सब्जियों को अलग तरीके से तैयार किया जाता है, जिससे स्वाद और बनावट दोनों अच्छे रहते हैं.
रेस्टोरेंट स्टाइल मिक्स वेज के लिए सामग्री
इस रेसिपी में फूलगोभी, गाजर, फ्रेंच बीन्स, आलू और मटर जैसी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है. इसके साथ प्याज और शिमला मिर्च भी चाहिए. ग्रेवी के लिए टमाटर, प्याज, दही, अदरक, हरी मिर्च, जीरा, काजू का पेस्ट और थोड़ी क्रीम रख लें. मसालों में धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, गरम मसाला और नमक इस्तेमाल होगा. स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए कसूरी मेथी और हरा धनिया भी डालें. तेल करीब 2 से 3 बड़े चम्मच लिया जा सकता है.
मिक्स वेज बनाने का आसान तरीका
पहले सब्जियों को हल्का उबालें
सबसे पहले फूलगोभी, गाजर और फ्रेंच बीन्स को काट लें. एक पैन में पानी गर्म करके थोड़ा नमक डालें. इसमें इन सब्जियों को हल्का उबाल लें. इन्हें बहुत ज्यादा न गलाएं, क्योंकि बाद में ग्रेवी में भी पकाना है. आलू को छोटे टुकड़ों में काटकर अलग से पकाया जा सकता है.
दही वाली ग्रेवी तैयार करें
कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. फिर बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसमें अदरक और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं. अब हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालें. मसालों को धीमी आंच पर पकाने से उनका स्वाद अच्छी तरह उभरता है. अब इसमें दही डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं. जब दही अच्छी तरह पक जाए तो बारीक कटे टमाटर डालकर मिलाएं. टमाटर नरम होने तक मसाले को पकाएं और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें.
काजू पेस्ट से आएगा ग्रेवी में स्वाद
अब भीगी हुई कसूरी मेथी को हाथ से मसलकर ग्रेवी में डालें. इसके बाद मटर और थोड़ा पानी डालकर पकने दें. जब मटर नरम होने लगे तो काजू का पेस्ट मिलाएं. काजू का पेस्ट कड़ाही के तले में चिपक सकता है इसलिए इस दौरान ग्रेवी को लगातार चलाते रहें. काजू के पेस्ट से ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी और मलाईदार हो जाती है. आखिर में जरूरत के अनुसार क्रीम डालकर अच्छी तरह मिला दें.
शिमला मिर्च और प्याज को अलग से भूनें
मिक्स वेज का स्वाद बढ़ाने के लिए प्याज और शिमला मिर्च को ग्रेवी में सीधे डालने के बजाय हल्का फ्राई किया जा सकता है. दूसरे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और तेज आंच पर प्याज, शिमला मिर्च और जरूरत हो तो टमाटर के बड़े टुकड़ों को हल्का भूनें. इनमें थोड़ा नमक डालें. सब्जियों को पूरी तरह गलाने के बजाय हल्का क्रंची रखना बेहतर रहेगा.
अब सभी चीजों को मिलाएं
जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए तो इसमें उबली हुई सब्जियां डालें. इसके बाद हल्की फ्राई की हुई प्याज और शिमला मिर्च भी मिला दें. ऊपर से गरम मसाला, हरा धनिया और थोड़ी क्रीम डालकर सबको अच्छी तरह मिलाएं. कुछ मिनट धीमी आंच पर पकाने के बाद गैस बंद कर दें.
नान और रोटी के साथ करें सर्व
गरमागरम मिक्स वेज को रोटी, पराठे या नान के साथ परोसा जा सकता है, अगर घर में मेहमान आए हों तो इसे नान या पूड़ी के साथ भी सर्व किया जा सकता है. सब्जियों को अलग से हल्का भूनने और ग्रेवी में दही-काजू का इस्तेमाल करने से घर की साधारण सब्जी को थोड़ा रेस्टोरेंट जैसा स्वाद और रूप दिया जा सकता है.