Last Updated:
फिनलैंड का एक कपल मई 2026 से मुंबई में रह रहा है और भारत में अपने अनुभव को लेकर काफी खुश है. कपल का कहना है कि दुनिया में भारत के बारे में जो तस्वीर बताई गई थी, यहां आकर उन्हें उससे बिल्कुल अलग अनुभव हुआ. दोनों ने भारत की संस्कृति, रंग-बिरंगे माहौल और लोगों की मेहमाननवाजी की तारीफ करते हुए कहा कि वे यहां खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं.
फिनलैंड के कपल की भारत की तारीफ(फोटो:Instagram-@thefindianfamily)
भारत को लेकर आपने भी कई तरह की बातें सुनी होंगी. कोई कहता है कि यहां रहने के लिए कुछ अच्छा नहीं है, तो कोई देश को असुरक्षित, प्रदूषित और अव्यवस्थित बताता है. सोशल मीडिया पर भी अक्सर भारत की कमियां गिनाने वाली बातें देखने को मिल जाती हैं. लेकिन क्या भारत की तस्वीर सिर्फ इतनी ही है? शायद नहीं. इसका दूसरा पहलू उन लोगों से बेहतर कौन बता सकता है, जो किसी दूसरे देश से यहां आकर रहने लगे हैं. ऐसा ही अनुभव फिनलैंड के एक कपल ने शेयर किया है. दोनों मई 2026 से भारत में रह रहे हैं और उनका कहना है कि यहां आकर उन्हें भारत की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जो दुनिया में उन्हें पहले बताई गई तस्वीर से काफी अलग थी. दोनों का अनुभव इतना अच्छा रहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर भारत के बारे में अपनी बात रखी.
दरअसल, @thefindianfamily नाम के इंस्टाग्राम पेज से टूको हेलानेन और जेनिका ट्यूनैनेन ने अपना वीडियो शेयर किया है. वीडियो की शुरुआत में दोनों खुद को फिनिश फैमिली बताते हैं और कहते हैं कि वो हाल ही में भारत आए हैं. दोनों पेशे से टीचर हैं और मुंबई के रेसकोर्स इलाके में स्थित Finland International School में काम करते हैं. यानी वो भारत को सिर्फ घूमने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि यहां रहकर काम भी कर रहे हैं. उनके साथ उनके दो बच्चे भी हैं और पूरा परिवार मुंबई में अपनी जिंदगी बिता रहा है.
दुनिया ने जैसा बताया था, भारत उससे अलग निकला
वीडियो में कपल मुंबई की सड़कों, लोगों और यहां की रोजमर्रा की जिंदगी की झलक दिखाता है. उनका कहना है कि भारत उन्हें एक खूबसूरत और रंगबिरंगे देश के रूप में नजर आया है. यहां की संस्कृति और परंपराएं भी उन्हें काफी प्रभावित करती हैं. टूको और जेनिका का कहना है कि भारत लोगों का खुले दिल से स्वागत करने वाला देश है. उनके मुताबिक, यहां आने के बाद उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि भारत के बारे में बाहर जो कुछ बताया गया था, असल जिंदगी में तस्वीर उससे काफी अलग है.
कमियां हैं, लेकिन हर देश में होती हैं
हालांकि दोनों भारत को किसी परीकथा जैसा देश भी नहीं बताते. वो मानते हैं कि यहां कुछ परेशानियां और चुनौतियां हैं. लेकिन उनका कहना है कि ऐसी दिक्कतें दुनिया के लगभग हर देश में होती हैं. उनके लिए इन चीजों के बावजूद भारत में रहना एक अलग और अच्छा अनुभव रहा है. मुंबई में रहकर उन्हें यहां की संस्कृति, लोगों और रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से समझने का मौका मिल रहा है.
‘हम यहां खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं’
टूको ने भारत में अपनी सुरक्षा को लेकर भी बात की. उनका कहना है कि उन्हें यहां सुरक्षित महसूस होता है. उनके मुताबिक, भारत में बिताया गया हर दिन उन्हें कुछ नया सिखाता है. वह यह भी कहते हैं कि अब समय आ गया है जब दुनिया भारत का दूसरा पहलू भी देखे. जो भारत वो रोज अपनी आंखों के सामने देख रहे हैं, वह सिर्फ समस्याओं और कमियों वाला देश नहीं है. उनके लिए भारत सीखने, अनुभव लेने और नई चीजों को समझने की जगह बन गया है.
View this post on Instagram