एंबुलेंस ने कराया दो घंटे इंतजार, सांप काटने से पीड़ित 5 साल की दीक्षा ने तोड़ा दम, ड्राइवर-ईएमटी सस्पेंड

एंबुलेंस ने कराया दो घंटे इंतजार, सांप काटने से पीड़ित 5 साल की दीक्षा ने तोड़ा दम, ड्राइवर-ईएमटी सस्पेंड


Last Updated:

Jabalpur News: जबलपुर के ग्राम देवरी में सांप के काटने से 5 साल की बच्ची दीक्षा ठाकुर की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि एम्बुलेंस के टायर खराब होने का हवाला देकर दो घंटे तक देरी की गई. मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस चालक और ईएमटी को निलंबित कर दिया है.

Zoom

बच्ची की फाइल फोटो. समय पर एंबुलेंस आती तो बच जाती बच्ची की जान.

Jabalpur News: मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले से स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का एक दुखद मामला सामने आया है. पाटन क्षेत्र के ग्राम देवरी में सांप के काटने से 5 वर्षीय मासूम बच्ची दीक्षा ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने एम्बुलेंस व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था
जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरी निवासी 5 वर्षीय बच्ची दीक्षा ठाकुर को सांप ने काट लिया था. इसके बाद परिजन उसे तुरंत कटंगी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. कटंगी अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया और जरूरी इंजेक्शन लगाया. हालांकि, बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई थी, इसलिए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

टायर खराब होने का दिया गया हवाला, 2 घंटे इंतजार
परिजनों का आरोप है कि बच्ची को तत्काल जबलपुर ले जाने के लिए एम्बुलेंस की जरूरत थी. कटंगी अस्पताल परिसर में एम्बुलेंस उपलब्ध भी थी. इसके बावजूद एम्बुलेंस का टायर खराब होने की बात कही गई. आरोप है कि एम्बुलेंस चालक वाहन लेकर चला गया और मासूम को समय पर मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचाया जा सका. इसके चलते गंभीर हालत में बच्ची को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा.

रास्ते में हुई मासूम की मौत
करीब दो घंटे के लंबे इंतजार और अन्य व्यवस्थाओं के बाद बच्ची को जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा गया. लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी थी और रास्ते में ही मासूम दीक्षा ठाकुर की मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती और बच्ची को मेडिकल कॉलेज पहुंचा दिया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी.

एम्बुलेंस चालक और ईएमटी निलंबित
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया. मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की गई. शिकायत का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत एक्शन लिया. जबलपुर CMHO डॉ. नवीन कोठारी ने मामले की जांच के बाद एम्बुलेंस चालक और ईएमटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सीएमएचओ के अनुसार, मरीजों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.



Source link