Last Updated:
Imran Masood on UP Seat Sharing: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नए कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पद संभालते ही समाजवादी पार्टी (सपा) को कड़े तेवर दिखाए हैं. न्यूज़18 को दिए अपने पहले एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में मसूद ने आगामी विधानसभा चुनावों में सीट शेयरिंग पर खुलकर बात की. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, बल्कि एक मजबूत सहयोगी है. मसूद ने सपा से अक्टूबर तक गठबंधन फाइनल करने की मांग की है और चेतावनी दी कि देरी होने पर दोनों दलों को नुकसान होगा. इसके साथ ही, उन्होंने यूपी में कांग्रेस के लिए 150 से अधिक सीटों की बड़ी मांग कर दी है.
सीट शेयरिंग पर ये क्या बोल गए इमरान मसूद.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है. इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के प्रमुख सहयोगी दलों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच अभी से सीट शेयरिंग को लेकर तनातनी के संकेत मिलने लगे हैं. यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने अपनी पहली ही प्रेस वार्ता और एक्सक्लूसिव बातचीत में सपा और अखिलेश यादव को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि इस बार कांग्रेस झुकने या समझौते के मूड में बिल्कुल नहीं है.
न्यूज़18 के साथ एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में इमरान मसूद ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से जल्द से जल्द गठबंधन और सीटों का बंटवारा फाइनल करने की मांग की. मसूद ने कहा, ‘गठबंधन को हर हाल में अक्टूबर के अंत तक फाइनल कर लेना चाहिए. यदि इसमें देरी होती है, तो इसका सीधा नुकसान सपा और कांग्रेस दोनों को उठाना पड़ेगा.’ उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को हराना है, तो पूरी ताकत और ईमानदारी के साथ लड़ना होगा, क्योंकि यह लड़ाई आसान नहीं है.
कांग्रेस भिखारी नहीं, 150 से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए
जब इमरान मसूद से पूछा गया कि पिछली बार (2017 में) कांग्रेस 105 सीटों पर लड़ी थी, तो इस बार उनका क्या दावा है? इस सवाल पर मसूद ने बेबाकी से जवाब दिया कि 2017 और आज की राजनीतिक स्थिति में बहुत बड़ा अंतर है. उन्होंने कहा, ‘पिछली बार हमारी पार्टी अपने सबसे कमजोर दौर से गुजर रही थी और अखिलेश जी मुख्यमंत्री थे. लेकिन, आज पूरे देश में राहुल गांधी के नाम का मजबूत नैरेटिव सेट हो चुका है.’ मसूद ने सपा को नसीहत देते हुए दो टूक कहा, ‘यूपी में कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, बल्कि एक मजबूत सहयोगी पार्टी है. इस बार के चुनाव में हमें 150 से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए.’
यूपी कांग्रेस में हुआ है बड़ा संगठनात्मक फेरबदल
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस ने हाल ही में अपनी यूपी टीम में बड़ा फेरबदल किया है. आराधना मिश्रा (मोना) को यूपी कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अपनी आक्रामक और बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. इमरान मसूद का यह ताजा बयान इस बात का साफ संकेत है कि यूपी में कांग्रेस अब सपा और अखिलेश यादव के सामने मजबूती से अपना पक्ष रखने और ज्यादा सीटों पर दावा ठोकने की पूरी तैयारी में है.