Last Updated:
Premanand Maharaj Ashram News: संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम से लापता किशोर को पुलिस ने करीब 90 दिन बाद लाडली दास आश्रम से सकुशल बरामद कर लिया है. परिजनों का कहना है कि उनका बेटा दीक्षा लेने के बाद घर वापस नहीं जाना चाहता था.
संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता शिष्य 90 दिन बाद बरामद.
मथुराः उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन के बरसाना स्थित संत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम से जुड़े बहुचर्चित मामले में बरसाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हाथरस के सादाबाद से 3 महीने से लापता 16 वर्षीय किशोर अनुज को बरसाना के राधा बाग मार्ग स्थित लाडली दास आश्रम से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है. जानकारी के मुताबिक सादाबाद निवासी अनुज 3 महीने पहले घर से लापता हो गया था. परिजनों को पता चला कि उसने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के केली कुंज आश्रम में दीक्षा ले ली है और अब वह घर वापस नहीं आना चाहता.
परिजनों ने केली कुंज आश्रम के बाहर दिया था धरना
महीनों तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों को आशंका हुई कि किशोर को गायब कर दिया गया है. इसके बाद परिजनों ने केली कुंज आश्रम के बाहर धरना शुरू कर दिया, जिससे आश्रम प्रबंधन में हड़कंप मच गया और तरह-तरह के सवाल खड़े होने लगे. धरने की खबर मिलते ही अनुज वहां से निकलकर बरसाना के लाडली दास आश्रम में आकर रहने लगा.
3 महीने से लापता था किशोर
जैसे ही बरसाना कस्बा चौकी प्रभारी गौरव तोमर को लाडली दास आश्रम में किशोर के रहने की सूचना मिली. उन्होंने तत्काल अनुज से संपर्क किया और सादाबाद पुलिस व परिजनों को जानकारी दी. सूचना पर सादाबाद पुलिस और परिजन बरसाना पहुंचे, जहां विधिक प्रक्रिया के बाद किशोर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. बरसाना पुलिस की तत्परता से 3 महीने से लापता किशोर सकुशल अपने घर लौट गया है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है.
एक शिष्य ने की थी खुदकुशी
बता दें कि हाल ही में केली कुंज आश्रम से संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य ने खुदकुशी कर ली थी. मृतक शिष्य का प्राइवेट पार्ट तक कटा हुआ था. उसके पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चोट के निशान तक मिले थे. इसके अलावा शिष्य के छत से कूदने का वीडियो भी सामने आया था. मृतक शिष्य मध्य प्रदेश का रहने वाला था.