अनंत सिंह के विरोध के बीच नीरज कुमार के साथ खड़े हुए निशांत कुमार, समता पार्टी का नाम लेकर दिया बड़ा संदेश

अनंत सिंह के विरोध के बीच नीरज कुमार के साथ खड़े हुए निशांत कुमार, समता पार्टी का नाम लेकर दिया बड़ा संदेश


Last Updated:

Bihar MLC Election: जेडीयू में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर विधायक अनंत सिंह और एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने जेडीयू दफ्तर में महत्वपूर्ण बैठक कर पटना और नालंदा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से नीरज कुमार के समर्थन में वोट की अपील की. निशांत कुमार का खुलकर नीरज के समर्थन में आना पार्टी के लिए बड़ा संकेत माना जा रहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

नीरज के समर्थन में निशांत कुमार का खुला दांव, अनंत सिंह की नाराजगी पर चुप

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर चल रही खींचतान के बीच अब पार्टी के अंदर से ही एक बड़ा संदेश सामने आया है. विधायक अनंत सिंह और जेडीयू के एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जेडीयू प्रदेश कार्यालय में बैठक कर नीरज कुमार के समर्थन में खुलकर मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने पटना और नालंदा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से नीरज कुमार के पक्ष में वोट देने की अपील की है. इस बैठक को और इससे निकलने के बाद निशांत कुमार के बयान को पार्टी के भीतर चल रहे विवाद के बीच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

जेडीयू दफ्तर में बैठक, नीरज के समर्थन में उतरे निशांत

बता दें कि निशांत कुमार ने जेडीयू प्रदेश मुख्यालय में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में मतदाताओं से प्रथम वरीयता का वोट देने की अपील की. बैठक के बाद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के युवाओं के साथ संवाद का जिक्र करते हुए नीरज कुमार के समर्थन की अपील की है.

X पर लिखा, समता काल से जुड़े हैं नीरज, विकास यात्रा के अहम सहयोगी

निशांत कुमार ने जेडीयू दफ्तर में बैठक कर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के युवाओं से संवाद किया. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा, आगामी 23 अक्टूबर को बिहार विधान परिषद के 8 रिक्त पदों के लिए चुनाव होने वाला है. आज पटना स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA समर्थित जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह जी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया. नीरज कुमार सिंह जी पिछले 3 बार से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. वे समता काल से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं. वे समाजवादी हैं और बिहार की वर्तमान विकास यात्रा के अहम सहयोगी भी हैं. पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे 23 अक्टूबर को प्रथम वरीयता क्रम देकर नीरज कुमार सिंह जी को पुनः विधान परिषद में भेजें.

अनंत सिंह के लिए बड़ा संदेश, पूरी पार्टी नीरज के साथ खड़ी रहे

स्पष्ट है, नीरज और अनंत विवाद के बीच पार्टी द्वारा बुलाई गई यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण हो गई है. निशांत कुमार का नीरज कुमार के समर्थन में खुलकर आ जाना यह बड़ा संकेत है कि नीरज कुमार ही जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार हैं और पूरी पार्टी को उनके साथ खड़ा रहना होगा. निशांत के इस कदम को अनंत सिंह के लिए बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जो लगातार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं.

नाराजगी के सवाल पर मुस्कुराकर निकले निशांत, नीरज बोले ऐतिहासिक होगा नामांकन

वहीं, निशांत कुमार से जब अनंत सिंह की नाराजगी वाली बात पूछी गई तो उन्होंने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और मुस्कुराते हुए निकल गए. लेकिन उनके तेवर ने नीरज कुमार को नई ताकत दे दी. नीरज कुमार भी निशांत के समर्थन मिलने के बाद बेहद उत्साहित दिखे और कहा कि सोमवार को मेरा नामांकन ऐतिहासिक होगा, जिससे सब कुछ साफ हो जाएगा. मैं नीतीश कुमार के सिद्धांत पर चलने वाला हूं और मेरे साथ उनका और निशांत जी का पूरा समर्थन है. वहीं, अनंत सिंह की नाराजगी वाले सवाल पर नीरज ने कहा कि किसी की नाराजगी से कोई फर्क नहीं पड़ता, पार्टी बड़ी होती है. जब उनसे सुलह की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये सब चीज में हम पड़ते ही नहीं हैं.



Source link