पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह LGBTQ+ एक्टिविस्ट थे और सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय और मेकअप-फैशन से जुड़े कंटेंट के लिए काफी लोकप्रिय थे. शनिवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी. हमले के बाद मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले.
पुलिस के मुताबिक, वारदात शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई. दो अज्ञात लोगों ने मैड संधू पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
मैड संधू का पूरा नाम मधुसूदन बताया गया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फैशन इंडस्ट्री से की थी. वह पंजाब और मुंबई में स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम कर चुके थे. बाद में सोशल मीडिया ने उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई.
इंस्टाग्राम रील्स और वायरल वीडियो के जरिये उन्होंने मेकअप, लग्जरी लुक, लाइफस्टाइल और पॉप कल्चर से जुड़े कंटेंट को लोकप्रिय बनाया. वह पॉडकास्ट में भी अक्सर नजर आते थे, जहां मेकअप और फिल्म इंडस्ट्री के अलावा जेंडर और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते थे.
मैड संधू ने कुछ पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था. वह ‘Oye Bhole Oye’ सीरीज से भी जुड़े रहे.
मैड संधू अपनी पहचान को लेकर कभी छिपकर नहीं रहे. वह खुद को गे बताते थे और सोशल मीडिया पर LGBTQ+ समुदाय से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बोलते थे. इस वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर अक्सर होमोफोबिक ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता था.
ट्रोलिंग का जवाब देते हुए वह अक्सर अपनी पहचान को लेकर मजबूती से खड़े नजर आते थे. उनका कहना था कि ईश्वर ने उन्हें जैसा बनाया है, वह उसी रूप में खुद को स्वीकार करते हैं. उनकी यही बेबाकी और सोशल मीडिया पर सक्रियता उन्हें पंजाब की LGBTQ+ कम्युनिटी की चर्चित आवाजों में शामिल करती थी.
फायरिंग के बाद मैड संधू सड़क पर घायल हालत में पड़े थे. मौके से सामने आए वीडियो में वह खून से लथपथ दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों और उन्हें जानने वाले लोगों के बीच शोक और गुस्से की लहर है.
हालांकि, उनकी हत्या के पीछे की वजह या हमलावरों की पहचान के बारे में कोई निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दो अज्ञात बाइक सवारों ने शाम करीब 6 बजे मैड संधू को गोली मारी. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ घटना के चश्मदीदों से भी जानकारी जुटा रही है.
हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह थी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.