तिरंगे की शान, गोल्ड जीतेगा हिंदुस्तान… टॉस जीतकर भारत ने चुनी पहले बैटिंग
Last Updated:
भारत vs पाकिस्तान एशियन गेम्स फाइनल लाइव 2026: आखिरकार वो घड़ी आ ही गई, जिसका तमाम क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार था. एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी चुनी है. टॉस के बाद दोनों टीम के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया.
भारत बनाम पाकिस्तान, एशियन गेम्स गोल्ड मेडल मैच
निशिन: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट गोल्ड मेडल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी चुनी है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया. टीम इंडिया डिफेंडिंग चैंपियन है, यानी पिछले एशियाई खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट जबकि पाकिस्तानी टीम ने एशियन गेम्स के इतिहास में आजतक किसी भी इवेंट में स्वर्ण पदक पर कब्जा नहीं किया है.
कोरोगी पार्क में पिच स्पिन फ्रेंडली होने की पूरी उम्मीद है. ऐसे में इस ट्रिकी पिच पर गेंद घूमेगी और हाई स्कोरिंग मुकाबला नहीं होगा.
एशियन गेम्स गोल्ड: वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन पर सारी निगाहें
सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ कठिन पिच पर ईशान किशन के 46 गेंद में नाबाद 80 रन की मदद से भारत ने 124 रन से मैदान मारते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. ईशान के 80 रन और वैभव सूर्यवंशी के 21 गेंद में 38 रन की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर सात विकेट पर 169 रन बनाए. जवाब में श्रीलंका ने पावरप्ले के भीतर ही छह विकेट 31 रन पर गंवा दिए थे और पूरी टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर आउट हो गई.
क्या भारत-पाकिस्तान के प्लेयर्स हाथ मिलाएंगे?
देखने वाली बात होगी कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट अपनी मौजूदा नीति पर कायम रहता है या मैच के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाता है. आखिरकार यहां हिस्सा ले रहे अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वियों से हाथ मिलाना मुद्दा नहीं रहा है. मौजूदा युद्ध के कारण यूक्रेन के खिलाड़ी भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करते रहे हैं.
एशियन गेम्स: मोहसिन नकवी नहीं आएंगे मैच देखने
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस मैच के दौरान उपस्थित नहीं होंगे. नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री भी हैं। वह बीसीसीआई के लिए परेशानी का सबब रहे हैं. एसीसी ने आधिकारिक मीडिया हैंडल ‘एक्स; पर लिखा, ‘एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण एशियाई खेल 2026 के फाइनल में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन स्वर्ण और कांस्य पदक मुकाबलों से पहले सभी चार टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजते हैं.’