शिमला घूमने निकले हैं तो पढ़ लें ये खबर, सड़कों पर घंटों फंसी गाड़ियां, कई किलोमीटर तक लगा जाम

शिमला घूमने निकले हैं तो पढ़ लें ये खबर, सड़कों पर घंटों फंसी गाड़ियां, कई किलोमीटर तक लगा जाम


Last Updated:

Shimla Traffic Jam: लंबे वीकेंड में हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़ ने शिमला की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ दी. शुक्रवार को शहर के कई हिस्सों में गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं. हालात ऐसे रहे कि कुछ किलोमीटर का सफर पूरा करने में लोगों को घंटों लग गए. शिमला के साथ-साथ परवाणू, मनाली, कसौली और दूसरे पर्यटन इलाकों में भी बड़ी संख्या में गाड़ियां पहुंचने से जाम की स्थिति बनी.

Zoom

हिमाचल में लगा जाम.

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला में छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार और भट्टाकुफर की तरफ जाने वाली सड़कों पर दिनभर गाड़ियों का दबाव रहा. सर्कुलर रोड पर भी वाहन काफी धीमी रफ्तार से चलते रहे. पर्यटक वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने से पहले से व्यस्त शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया. पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ छुट्टियां मनाने शिमला पहुंचे हैं.

शिमला में जाम की एक वजह सिर्फ पर्यटकों की संख्या नहीं रही. कई जगह सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ी गाड़ियों के कारण सड़क की जगह और कम हो गई. इससे खासकर बड़ी टूरिस्ट बसों और दूसरे बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी हुई. शिमला बाईपास पर भी बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई.

कई सड़कों पर गाड़ियां खड़ी रहने से मोड़ और संकरी जगहों पर जाम और बढ़ गया. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना था कि अगर सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को समय पर हटाया जाता तो स्थिति कुछ बेहतर हो सकती थी.

शिमला ही नहीं, परवाणू में भी लंबी कतार
हिमाचल में प्रवेश के प्रमुख रास्ते परवाणू में भी शुक्रवार सुबह से ही गाड़ियों का दबाव बढ़ गया. टोल प्लाजा के पास करीब 2 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई. यह स्थिति दोपहर बाद करीब 4 बजे तक बनी रही. जाम में पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग भी फंसे रहे. लगातार काफी देर तक गाड़ियां खड़ी रहने के कारण कुछ वाहनों के इंजन गर्म होने की शिकायत भी सामने आई. परवाणू टोल प्लाजा पर पांच एंट्री लेन होने के बावजूद अचानक बढ़े वाहनों के दबाव को संभालना मुश्किल हो गया. ट्रैफिक पुलिस को भी मौके पर व्यवस्था संभालने के लिए तैनात किया गया.

मनाली और कसौली में भी बढ़ा ट्रैफिक
लंबे वीकेंड का असर हिमाचल के दूसरे पर्यटन शहरों में भी दिखा. मनाली में बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन पहुंचे. शिमला, मनाली और कसौली में सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से कई जगह ट्रैफिक धीमा रहा. मनाली में दो दिनों में 4 हजार से ज्यादा पर्यटक वाहन पहुंचने की रिपोर्ट है. बड़ी संख्या में लोग रोहतांग, सिस्सू, अटल टनल और सोलंगनाला की तरफ भी गए.

पर्यटकों की भीड़ से होटल कारोबार को राहत
जाम ने जहां यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ाई, वहीं पर्यटन कारोबार के लिए यह भीड़ राहत लेकर आई है. शिमला में होटल ऑक्यूपेंसी करीब 70 फीसदी तक पहुंच गई है. मनाली में भी वीकेंड पर होटल ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी से ज्यादा रही. लंबे समय से पर्यटन कारोबार में तेजी का इंतजार कर रहे कारोबारियों को पर्यटकों की बढ़ी संख्या से राहत मिली है.

शिमला घूमने पहुंचे पर्यटकों की भारी भीड़ से शहर की रफ्तार थम गई है. लंबे वीकेंड के चलते राजधानी की सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और कई जगह लोग घंटों जाम में फंसे रहे. छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार और भट्टाकुफर समेत कई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया.



Source link