5-6 कट्ठे के तालाब से शुरू करें मछली पालन, 6-7 महीने में दिखगे मुनाफा, जानें..
Last Updated:
Fish Farming Business Tips In Bhagalpur: भागलपुर में मछली पालन शुरू करना चाहते हैं? तो ऐसे युवाओं को मत्स्य पालन पदाधिकारी कृष्ण कन्हैया कुमार ने कुछ टिप्स दिए हैं. उन्होने कहा कि 5-6 कट्ठे के तालाब से पंगास, कतला और रोहू मछलियों से शुरुआत करें. सही प्रबंधन से 6-7 महीने में मुनाफा दिख सकता है, लेकिन तालाब का रखरखाव और पानी की गुणवत्ता महत्वपूर्ण है.
भागलपुर: आज के समय में युवा नौकरी की तलाश के बजाय अपना कारोबार शुरू करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. खेती-किसानी के पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर लोग अलग-अलग तरह की फार्मिंग में भी रुचि ले रहे हैं. इनमें मछली पालन एक ऐसा व्यवसाय है, जिसमें सही तकनीक और प्रबंधन के साथ अच्छी कमाई की जा सकती है. खासकर बिहार में मछली पालन को लेकर लोगों की रुचि बढ़ी है. इस कारोबार में सफलता के लिए तालाब, मछलियों की प्रजाति, पानी की गुणवत्ता और नियमित रखरखाव जैसी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. छोटी सी लापरवाही से मछलियों की मौत हो सकती है. किसान को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है.
5-6 कट्ठे के तालाब से करें शुरुआत
मछली पालन की शुरुआत कैसे करनी चाहिए, इसे लेकर मत्स्य पालन पदाधिकारी कृष्ण कन्हैया कुमार ने बताया कि शुरुआती दौर में बड़े स्तर पर निवेश करने के बजाय छोटे तालाब से शुरुआत करना बेहतर है. उन्होंने 5 से 6 कट्ठे के तालाब में मछली पालन शुरू करने और अनुभव के साथ धीरे-धीरे कारोबार बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि अगर भागलपुर में मछली पालन शुरू कर रहे हैं तो पंगास मछली से शुरुआत की जा सकती है. इसके साथ कतला और रोहू जैसी मछलियों को भी तालाब में रखा जा सकता है. अलग-अलग सतह पर रहने वाली मछलियों के संयोजन से तालाब का बेहतर उपयोग किया जा सकता है.
पंगास से जल्दी दिख सकता है मुनाफा
कृष्ण कन्हैया कुमार के मुताबिक, पंगास मछली तेजी से बढ़ने वाली प्रजातियों में शामिल है. यही वजह है कि नए लोगों के लिए इससे मछली पालन शुरू करना एक विकल्प हो सकता है. उनके अनुसार सही प्रबंधन के साथ 6 से 7 महीने में आमदनी दिखने लग सकती है. पर मछली पालन को पूरी तरह आसान कारोबार नहीं माना जा सकता. इसमें तालाब का रखरखाव, पानी की गुणवत्ता और मछलियों की नियमित निगरानी जरूरी है. किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर मछलियों की मौत से नुकसान हो सकता है.
हर साल तालाब की सफाई जरूरी
मत्स्य पालन पदाधिकारी ने बताया कि एक चक्र की मछली निकालने के बाद तालाब की सफाई और रखरखाव करना जरूरी है. अगले चक्र में मछली डालने से पहले तालाब की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए. जरूरत के अनुसार चूने का छिड़काव भी किया जाता है. तालाब की सफाई और उपचार के लिए बाजार में उपलब्ध दवाओं का इस्तेमाल भी विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि एक चक्र पूरा होने के बाद बिना तालाब की सफाई किए सीधे दूसरी बार मछली डालना नुकसान का कारण बन सकता है.
छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान
मछली पालन में सफलता के लिए केवल मछली डालना ही पर्याप्त नहीं है. तालाब का रखरखाव, पानी की स्थिति, मछलियों की प्रजाति और उनकी नियमित निगरानी पर भी ध्यान देना जरूरी है. अगर शुरुआत छोटे स्तर से की जाए, जरूरी तकनीकी जानकारी हासिल करने के बाद कारोबार को आगे बढ़ाया जाए, तो मछली पालन को रोजगार और आय का अच्छा माध्यम बनाया जा सकता है.