Last Updated:
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर ने गजब की बहादुरी दिखाई. उन्होंने हमलावर को-पायलट का डटकर मुकाबला किया और 174 यात्रियों की जान बचा ली. इस जांबाजी के बाद यूएई के उप प्रधानमंत्री और दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान खुद उनसे मिलने अबू धाबी के अस्पताल पहुंचे. क्राउन प्रिंस ने कैप्टन स्मित का माथा चूमा और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की. अस्पताल से आई तस्वीरों में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मुस्कुराते नजर आ रहे हैं.
यूएई (UAE) के उप प्रधानमंत्री और दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम ने शनिवार को अबू धाबी के अस्पताल जाकर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से मुलाकात की. उन्होंने विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित की बहादुरी की जमकर तारीफ की. मुलाकात के दौरान क्राउन प्रिंस ने कैप्टन स्मित के प्रति गहरा सम्मान जताते हुए उनका माथा चूम लिया.
अबू धाबी के अस्पताल में कैप्टन स्मित से मिलने के बाद क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक भावुक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि कैप्टन स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और इंसानियत का सबसे बड़ा उदाहरण पेश किया है. यूएई की सरकार और वहां के लोग उनके इस जज्बे पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं.
अस्पताल से पहली बार कैप्टन स्मित मच्छर की तस्वीरें सामने आई हैं. उनके माथे पर पट्टी बंधी हुई है. हाथ में प्लास्टर दिखाई दे रहा है, एक हाथ पूरी तरह व्हाइट पट्टियों से ढका हुआ है. इतने गहरे घावों और अथाह दर्द झेलने के बावजूद स्मित हंसते-मुस्कुराते हुए सभी से मिल रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बता दें कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की फ्लाइट FZ1073 में घटी. उड़ान के दौरान ही विमान के ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से अचानक हमला कर दिया था. यूएई प्रशासन ने इस घटना को एक आतंकी हमला करार दिया है.
इस घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को कैप्टन स्मित से वीडियो कॉल के जरिए बात की. पीएम मोदी ने उनकी त्वरित सोच और साहस की तारीफें करते हुए कहा, ‘आपने सेकंड के सौवें हिस्से में फैसले लेकर 174 लोगों की जान बचाई. पूरे देश को आप पर गर्व है’. पीएम मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित काफी भावुक नजर आए. उन्होंने बताया कि जब उन पर हमला हुआ, तब वे मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे.
सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने दर्द से जूझते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला और क्रू मेंबर्स से मदद मांगी. इसके बाद क्रू और यात्रियों ने मिलकर हमलावर को-पायलट को दबोच लिया, जिसके बाद रिजर्व क्रू ने प्लेन को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया.