Last Updated:
Begusarai: बेगूसराय में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया-3 में एक गाड़ी वॉशिंग सेंटर संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
वॉशिंग सेंटर चलाने वाले की गोली मारकर हत्या.
बेगूसरायः बिहार का बेगूसराय शुक्रवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. यहां वॉशिंग सेंटर पर बैठे एक युवक के ऊपर बदमाशों फायरिंग कर दी. तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद अपराधी फरार हो गया. मृतक की पहचान रामकुमार राम के पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गणेश कुमार अपने वॉशिंग सेंटर पर बैठे थे. इसी दौरान एक अपराधी वहां पहुंचा और उन पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से गणेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
गणेश कुमार फुलवरिया इलाके में गाड़ी वॉशिंग सेंटर चलाते थे. घटना के समय वह अपने सेंटर पर ही बैठे हुए थे. इसी दौरान एक अपराधी वहां पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ गोली चला दी. फायरिंग में गणेश को तीन गोलियां लगीं. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोग मौके से इधर-उधर भागने लगे. वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया.
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. हालांकि हत्या की असली वजह क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, यह अभी साफ नहीं है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली. फुलवरिया थाना पुलिस के अलावा कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने गणेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है. गणेश कुमार की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद इलाके में भी दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.