हैदराबाद: होटल में महिला डॉक्टर की मौत, साथ ठहरा शख्स फरार, हत्या का केस दर्ज
Last Updated:
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मियापुर इलाके में एक होटल के कमरे से महिला डॉक्टर सृजना का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. डॉक्टर सृजना 30 सितंबर को रवि कुमार से मिलने हैदराबाद पहुंची थीं और दोनों एक होटल में ठहरे थे. दो अक्टूबर को कमरे से बदबू आने पर होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने के बावजूद संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार रवि कुमार की तलाश में जुटी है.
हैदराबाद के मियापुर इलाके के एक होटल में महिला डॉक्टर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के मियापुर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक होटल के कमरे से महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. मृतका की पहचान डॉक्टर सृजना के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है, वहीं डॉक्टर के साथ होटल में ठहरा शख्स फिलहाल फरार चल रहा है.
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, डॉक्टर सृजना 30 सितंबर को हैदराबाद पहुंची थीं. उनका यहां आने का मकसद रवि कुमार नाम के एक शख्स से मिलना था. इसके बाद दोनों मियापुर के एक होटल में ठहरे थे. होटल में शुरुआती कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य नजर आया. लेकिन 2 अक्टूबर को होटल के स्टाफ को कमरे से तेज बदबू महसूस हुई. किसी अनहोनी की आशंका होने पर होटल कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
शरीर पर नहीं थे चोट के निशान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और होटल का कमरा खुलवाया. अंदर डॉक्टर सृजना का शव मिला. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में एक हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि शुरुआती जांच के दौरान डॉक्टर सृजना के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट बाहरी निशान नहीं मिले हैं. इसके बावजूद, मौके पर मौजूद परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार कर दिया है और हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रवि कुमार की तलाश में जुटी पुलिस की विशेष टीमें
घटना के बाद से ही डॉक्टर सृजना के साथ होटल में मौजूद रवि कुमार फरार है, जिससे पुलिस का शक और अधिक गहरा गया है. पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसे पकड़ने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है. पुलिस होटल के आने-जाने के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल एविडेंस की बारीकी से जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि 30 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच उस कमरे के अंदर क्या-क्या हुआ था और आखिरी बार दोनों को कब देखा गया था. पुलिस की टीमें हर एक पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तह तक जाने में जुटी हैं.