पहले की पूजा और लगाया स्टेटस, फिर राजा रघुवंशी के दोस्त ने दी जान; संभालता था उसका ट्रांसपोर्ट बिजनेस

पहले की पूजा और लगाया स्टेटस, फिर राजा रघुवंशी के दोस्त ने दी जान; संभालता था उसका ट्रांसपोर्ट बिजनेस


Raja Raghuvanshi Friend Arpit: राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़ी एक और खबर सामने आई है. राजा के खास दोस्त 34 साल के अर्पित चौहान ने कल फांसी लगाकर जान दे दी. अर्पित अपने दोस्त राजा की मौत के बाद कई महीनों तक सदमे में था, लेकिन बाद में धीरे-धीरे संभलने लगा था और उसने राजा के ट्रांसपोर्ट कारोबार की जिम्मेदारी संभालना शुरू कर दी थी. अब अर्पित की मौत के बाद परिवार आत्महत्या की वजह को लेकर संशय में है.

जान देने से पहले अर्पित ने की थी पूजा
2 अक्टूबर को अर्पित ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों के मुताबिक जान देने से पहले अर्पित ने घर में पूजा की थी. सुबह करीब 10 बजकर 49 मिनट पर उसने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस भी लगाया था.

अर्पित के स्टेटस में लिखा था कि नियंत्रण बहुत जरूरी है, अगर आमदनी कम हो तो खर्चों पर और आमदनी ज्यादा हो तो शब्दों पर. स्टेटस लगाने के करीब एक घंटे बाद दोपहर लगभग 12 बजे अर्पित ने ससुराल में फांसी लगा ली.

जन्मदिन के दो दिन बाद फांसी लगाकर दे दी जान
परिजनों के मुताबिक अर्पित ने हाल ही में अपना जन्मदिन मनाया था. जन्मदिन के ठीक दो दिन बाद 2 अक्टूबर को उसने यह कदम उठाया. अर्पित पहले इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में रहता था. करीब चार से पांच महीने पहले वह अपनी पत्नी और तीन साल की बेटी के साथ अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में रहने आ गया था. इसी घर में उसकी मौत हुई.

राजा की मौत के बाद कई महीनों तक सदमे में था अर्पित
अर्पित राजा रघुवंशी का बेहद करीबी दोस्त था. शिलॉग में राजा की हत्या के बाद अर्पित पर भी इस घटना का असर पड़ा था और वह कई महीनों तक सदमे में रहा. बाद में जब वह सामान्य होने लगा तो उसने राजा के ट्रांसपोर्ट कारोबार की जिम्मेदारी संभालना शुरू कर दी थी. राजा के परिवार से भी अर्पित लगातार संपर्क में था और उसका परिवार में लगातार रहता था.

राजा की गाड़ियां एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट से थीं अटैच
राजा रघुवंशी ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता था. जानकारी के मुताबिक राजा की कई गाड़ियां इंदौर के ढक्कन वाला कुआं स्थित एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट से अटैच हैं, जिसे अर्पित संभाल रहा था. वह राजा के परिवार में बेटे की तरह रहकर कारोबार को आगे बढ़ा रहा था.

अन्नपूर्णा पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अन्नपूर्णा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की. पुलिस को मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस अब अर्पित के परिवार और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है. उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया स्टेटस और घटना से पहले की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.

अर्पित ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. हालांकि शुरुआती जानकारी सामने आई हैं. राजा की मौत के बाद वो सदमे में था अक्सर उसे राजा सपने में नजर आता था.

(डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्‍स ड‍िप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का व‍िचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोश‍िश कर रहा है. तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. ताक‍ि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)

(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)



Source link