Last Updated:
भुवनेश्वर के नयापल्ली रेप केस में पुलिस ने आरोपी श्रीधर पांडा को चंदका इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की और स्क्रूड्राइवर से हमला करने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए कैपिटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने करीब 48 घंटे तक चले ऑपरेशन में 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली हैं.
मुठभेड़ के बाद भुवनेश्वर पुलिस ने नयापल्ली रेप केस के आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
क्राइम न्यूज. भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में घर में घुसकर युवती से रेप के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. करीब 48 घंटे तक चले सघन ऑपरेशन के बाद पुलिस ने आरोपी संतोष उर्फ श्रीधर पांडा को चंदका इलाके से अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और एक पुलिसकर्मी पर स्क्रूड्राइवर से हमला करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
48 घंटे तक चला ऑपरेशन, 100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले
भुवनेश्वर कमिश्नर ऑफ पुलिस एस देवदत्त सिंह के अनुसार, यह मामला बुधवार रात नयापल्ली इलाके में सामने आया था. शिकायत के मुताबिक, 26 साल की युवती अपने घर में अकेली थी. तभी एक नकाबपोश व्यक्ति घर में घुसा. उसने युवती को हथियार दिखाकर डराया और उसके साथ रेप किया. वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी एस विवेक की निगरानी में पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गईं. पुलिस ने इलाके और आरोपी के संभावित भागने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
कमिश्नर एस देवदत्त सिंह ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. पुलिस को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की एक तस्वीर भी सीसीटीवी फुटेज से मिल गई थी, लेकिन उस समय उसकी पहचान साफ तौर पर नहीं हो पाई थी. इसके बाद पुलिस ने उसके आने-जाने के रास्ते, बस और दूसरे वाहनों से जुड़े सुरागों को जोड़ना शुरू किया.
सीसीटीवी से खुली कड़ी, बाइक लेकर भागा था आरोपी
कमिश्नर एस देवदत्त सिंह ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद इलाके से पैदल निकला और आगे जाकर बस में सवार हुआ. इसके बाद उसने एक मोटरसाइकिल चोरी की और उसी से फरार हो गया. जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसके मूवमेंट को ट्रैक किया गया. उनका दावा है कि लगातार 48 घंटे तक करीब 100 पुलिसकर्मियों ने इस ऑपरेशन में काम किया. आखिरकार आरोपी की लोकेशन चंदका इलाके में ट्रेस हुई. पुलिस टीम वहां उसे पकड़ने पहुंची तो मामला अचानक मुठभेड़ में बदल गया.
पुलिस पर हमला, फिर चली गोलियां
कमिश्नर एस देवदत्त सिंह ने बताया कि आरोपी ने टीम को देखकर भागने की कोशिश की. इस दौरान उसने पुलिस पर दो राउंड फायर किए. उसने एक पुलिस अधिकारी पर स्क्रूड्राइवर से हमला करने की भी कोशिश की. खतरा देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी. इसके बाद उसे काबू में लेकर कैपिटल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
खिलौने वाली पिस्टल के बल रेप के दिया अंजाम
इस केस में हथियार को लेकर भी एक अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को जिस हथियार से धमकाया था, वह असली पिस्टल नहीं बल्कि लाइटर के तौर पर इस्तेमाल होने वाली नकली पिस्टल थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान संतोष उर्फ श्रीधर पांडा के रूप में हुई है. वह मूल रूप से गंजाम जिले का रहने वाला बताया गया है और पिछले कुछ समय से भुवनेश्वर में रह रहा था. पुलिस ने उसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज होने की बात कही है. अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके पुराने रिकॉर्ड और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या वह युवती को पहले से जानता था.