Last Updated:
Anuppur News: मध्य प्रदेश में 29 सितंबर को त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था, जिसमें कुल 103 पद शामिल थे. अब इसके बाद ईवीएम चोरी का मामला सामने आया है, जहां पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने ईवीएम वेयरहाउस से 24 ईवीएम चोरी हो गई हैं. इसके बाद से ही कांग्रेस पार्टी लगातार हमलावर है.
अनूपपुर में 24 ईवीएम मशीन चोरी
Anuppur News: अनूपपुर में 24 EVM मशीनों के गायब होने के मामले ने सियासी पारा चढ़ गया है. मशीनें आखिर कहां गईं. इसका जवाब जांच में तलाशा जा रहा है, लेकिन कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सड़क पर मोर्चा खोल दिया है. हाथों में EVM चोर, गद्दी छोड़ के बैनर लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है. मामला अनूपपुर के पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने EVM वेयरहाउस से जुड़ा है. सत्यापन के दौरान 24 मशीनें कम मिलीं, जिनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट बताई जा रही हैं. कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की.
सरकार को घेरने के लिए कांग्रेसियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. उन्होंने तीखे सवाल पूछे. इसके अलावा सरकार-सत्ता पक्ष को घेरते हुए मामले की निष्पक्ष मांग की. अब सवाल सिर्फ 24 EVM का नहीं, सवाल उस सिस्टम की निगरानी का है. जहां इतनी संवेदनशील निर्वाचन सामग्री आखिर कम कैसे हो गई?
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक 20 अगस्त को खुले में EVM मिलने की सूचना दी गई थी, जबकि 21 सितंबर को मशीनों को नए तहसील कार्यालय में शिफ्ट किया गया. इसके बाद 24 से 28 सितंबर के सत्यापन में मशीनें कम मिलीं. अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल EVM से छेड़छाड़ या चुनाव परिणाम प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच भी कर रही है.
कांग्रेस ने जांच की मांग की
इस मामले को आड़े हाथों लेते हुए जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, अनूपपुर गुड्डू सिंह चौहान का कहना है कि EVM को लेकर अनूपपुर में जो सवाल और शंकाएं सामने आई हैं. उनका निष्पक्ष जांच के जरिए जवाब मिलना चाहिए. लोकतंत्र में जनता के वोट और जनादेश की पवित्रता सर्वोपरि है. कांग्रेस किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर चुप नहीं बैठेगी. हम मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई जनता के सामने लाई जाए. जब तक सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता. कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी.