नैनीताल: अगर आप नैनीताल में फड़ लगाकर, ठेला चलाकर या छोटी दुकान के जरिए अपना कारोबार करते हैं और व्यवसाय बढ़ाने के लिए पैसों की जरूरत है, तो आपके लिए काम की खबर है. केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे कारोबारियों को कारोबार बढ़ाने के लिए चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. योजना के तहत पात्र कारोबारियों को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का लोन दिए जाने का प्रावधान है. खास बात यह है कि खराब सिबिल स्कोर वाले पात्र कारोबारियों को भी योजना का लाभ मिलने की जानकारी दी गई है.
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे कारोबारियों को शुरुआती स्तर पर 15 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. समय पर ऋण चुकाने और योजना की शर्तें पूरी करने पर आगे अधिक राशि के ऋण का प्रावधान है. इसी क्रम में कारोबारी 25 हजार रुपये और फिर 50 हजार रुपये तक के ऋण का लाभ ले सकते हैं. इसका उद्देश्य ऐसे छोटे कारोबारियों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराना है, जिन्हें कारोबार के लिए बड़ी पूंजी की जरूरत नहीं होती, लेकिन बैंकिंग व्यवस्था से आसानी से ऋण नहीं मिल पाता.
खराब सिबिल स्कोर वालों के लिए भी राहत
योजना की सबसे खास बात यह बताई जा रही है कि खराब सिबिल स्कोर होने के बावजूद पात्र छोटे कारोबारी आवेदन कर सकते हैं. नैनीताल नगरपालिका के सूडा अनुभाग की सिटी मिशन मैनेजर सीमा पांडे के मुताबिक, पीएम स्वनिधि योजना के तहत खराब सिबिल वाले लोगों को भी लाभ दिया जा रहा है. हालांकि, लोन स्वीकृति संबंधित प्रक्रिया और पात्रता शर्तों के अनुसार होगी. ऐसे में आवेदन करने से पहले संबंधित विभाग से योजना की मौजूदा पात्रता और बैंकिंग प्रक्रिया की जानकारी लेना जरूरी है.
ब्याज में भी मिलती है सब्सिडी
इस योजना में कारोबारियों को सिर्फ ऋण की सुविधा ही नहीं मिलती, बल्कि ब्याज में सब्सिडी का भी प्रावधान बताया गया है. इससे लाभार्थी को सामान्य ऋण की तुलना में कम ब्याज का भार पड़ सकता है. शुरुआती 15 हजार रुपये के ऋण की अवधि एक साल बताई गई है. योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को साहूकारों या अनौपचारिक स्रोतों से महंगे ब्याज पर पैसा लेने के बजाय संस्थागत ऋण से जोड़ना है.
अनरजिस्टर्ड वेंडर्स भी जुड़ सकेंगे
पहले जहां योजना का लाभ मुख्य रूप से चिन्हित और पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स को मिलता था, वहीं अब योजना के दायरे में ऐसे छोटे कारोबारी भी जोड़े जा रहे हैं, जो अभी रजिस्टर्ड नहीं हैं. इससे फड़, ठेला और छोटे स्तर पर कारोबार करने वाले अधिक लोगों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. नैनीताल नगरपालिका के सूडा विभाग के मुताबिक, शहर में वर्तमान में 121 फड़ व्यवसायी पंजीकृत हैं, जिन्हें योजना से जोड़ा जा रहा है.
30 हजार तक की क्रेडिट कार्ड लिमिट
पीएम स्वनिधि योजना के तहत छोटे कारोबारियों के लिए क्रेडिट कार्ड की सुविधा की भी जानकारी दी गई है. इसके तहत 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट लिमिट उपलब्ध होने की बात कही गई है. नैनीताल में अब तक करीब 10 से 12 फड़ व्यवसायियों को क्रेडिट कार्ड दिए जाने की जानकारी नगरपालिका की ओर से दी गई है.
कहां करें संपर्क?
योजना का लाभ लेने के इच्छुक नैनीताल के फड़ व्यवसायी, ठेला संचालक और छोटे दुकानदार नैनीताल नगरपालिका के सूडा विभाग में संपर्क कर सकते हैं. यहां आवेदकों को योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी. सिटी मिशन मैनेजर सीमा पांडे ने बताया कि पुनर्गठित पीएम स्वनिधि योजना को 2030 तक बढ़ाया गया है और इसका उद्देश्य देशभर के छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत करना है. योजना के जरिए छोटे व्यवसायियों को कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है.