Last Updated:
Begusarai News: बेगूसराय में गंगा नदी में बहने से चाचा-भतीजा की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों साइकिल से गंगा नदी पार कर रहे थे, इसी दौरान बैलेंस बिगड़ने पर अचानक नदी की तेज धार में बह गए. डूबने ने उनकी मौत हो गई. घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए.
बेगूसराय में 2 लोगों की गंगा में डूबने से मौत.
बेगूसरायः बिहार में बाढ़ के बीच बेगूसराय से दर्दनाक हादसा सामने आया. गंगा नदी की तेज धार में बहने से चाचा-भतीजा की मौत हो गई. हादसा साहेबपुरकमाल थाना इलाके में चेचियाही बांध के नीचे हुआ. दोनों साइकिल से बहादुरनगर गए थे. वहां से लौटने के दौरान गंगा की तेज धार की चपेट में आ गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों की तलाश शुरू की. घंटों की मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बरामद किए गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
हादसा साहेबपुरकमाल थाना इलाके में हुआ. मृतकों की पहचान पंचवीर पंचायत के वार्ड नंबर-7 के रहने वाले अमित कुमार और सोहन कुमार के रूप में की गई. दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे. बताया जा रहा है कि वह साइकिल से बहादुरनगर गए थे. वहां से दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान चेचियाही बांध के नीचे गंगा नदी की तेज धार में दोनों बह गए. हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों की तलाश शुरू की. स्थानीय लोगों ने काफी देर तक नदी में खोजबीन की. इसके बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने के बाद साहेबपुरकमाल थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस की ओर से मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है.
खतरनाक जगह पर सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि चेचियाही बांध के नीचे गंगा की धार काफी तेज रहती है. ऐसे खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी के खतरनाक हिस्सों को चिह्नित कर वहां चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा के दूसरे इंतजाम किए जाएं. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की जाए तो भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और जरूरी कार्रवाई में जुटी है.