Last Updated:
Agra Murder News: यूपी के आगरा जिले में एक पति ने पहले कई बार दृश्यम मूवी देखी, फिर अपनी पत्नी को उसी फिल्म की तरह मौत के घाट उतारकर लाश को ठिकाने लगा दिया. लेकिन पुलिस के हाथों से आरोपी बच नहीं पाया. आइए जानते हैं कि पति ने इस घटना को कैसे अंजाम दिया.
आगरा मर्डर केस
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिला में पति के हैवानियत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, आगरा में एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और हत्या के बाद उसके शव को घर में जला दिया. वहीं आरोप लगा है कि हत्या के बाद पति ने साक्ष्य मिटाने के लिए अस्थियां आगरा ले जाकर यमुना में विसर्जित कर दीं. शव जलाने और विसर्जित करने के बाद वह घर आ गया. जब मृतका के भाई ने अपनी बहन से संपर्क किया तो कोई संपर्क नहीं हो सका, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई.
पुलिस के शक होने पर पति से कड़ाई से पूछताछ की गई, तब जाकर पति ने हत्या की घटना को कबूल कर लिया. पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने से पहले पति ने कई बार दृश्यम मूवी देखी थी और उसे लगा कि अगर मैं भी ऐसे ही हत्या कर शव को ठिकाने लगा दूं, तो किसी को अंदेशा नहीं होगा, लेकिन पुलिस की कड़ाई ने आरोपी को गुनाह कबूल करने पर मजबूर कर दिया.
पत्नी के भाई ने दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट
बता दें कि पूरा मामला आगरा स्थित थाना अछनेरा क्षेत्र के कुकथला गांव का है. गांव के रहने वाले लोकेंद्र की शादी चांदनी से हुई थी. मंगलवार की रात से चांदनी का संपर्क अपने मायका पक्ष के लोगों से नहीं हुआ था, जिसकी जानकारी बुधवार की दोपहर को चांदनी के भाई मनोज कुमार ने पुलिस को दी और गुमशुदगी दर्ज की थी. मामले में पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी और चांदनी के पति लोकेंद्र से जब पूछताछ की तो जो सच उसने बताया, वह सुनकर पुलिस भी दंग रह गई.
पति-पत्नी के बीच होता था कलेश
पुलिस पूछताछ में पति लोकेंद्र ने बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच कलेश होता था, जिसके बाद उसी ने अपनी पत्नी की घर के अंदर हत्या कर दी. हत्या के बाद पति ने शव को घर के पीछे ले जाकर टिनसेट के नीचे जला दिया और फिर अस्थियों को आगरा के यमुना नदी में विसर्जित कर घर लौट आया. इसके बाद आरोपी पत्नी के परिजनों के साथ मिलकर उसकी तलाश का झूठा नाटक करता रहा और पुलिस की मदद करता रहा. लेकिन जांच में पुलिस को पति पर अंदेशा हो गया और फिर पुलिस ने पति को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ की.
दृश्यम मूवी देख दिया घटना को अंजाम
आगरा डीसीरी पश्चिम जोन आदित्य सिंह ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने कहा कि आरोपी ने गुनाह में कबूल किया है कि उसने पत्नी को मारने के पहले उसने दृश्यम मूवी कई बार देखी थी. उसे लग रहा था कि जिस तरह से फिल्म में हीरो पुलिस से बचने में कामयाब हो जाता है, उसी तरह वो भी बच जाएगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया. फिलहाल आरोपी पति लोकेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, और मौके से शव के अवशेष और मृतका चांदनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है.